Breaking News

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा-देश में वर्तमान में एक ऐसा प्रधानमंत्री है जो उस पद के अनुरूप का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं

विजयवाड़ा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को कहा कि देश में वर्तमान में एक ऐसा प्रधानमंत्री है जो उस पद के अनुरूप का इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) देश को ‘विभाजित’ करने के लिए हिंदू-मुस्लिम मुद्दा उठा रहे हैं। खरगे यहां विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन द्वारा आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘जैसे ही वह (मोदी) अपना मुंह खोलते हैं, ‘हिंदू मुस्लिम’ कहते हैं। आपने पिछले 10 वर्षों में क्या किया? आप हमसे पूछते हैं कि हमने (कांग्रेस ने) 70 वर्षों में क्या किया, अब आप हमें अपने बारे में बताएं। वह जहां भी जाते हैं मंगलसूत्र, मटन और चिकन के बारे में बात करते हैं।’’

उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी से विवाद पैदा होता है। कांग्रेस अध्यक्ष ने मोदी पर देश को ‘‘भाषा, जाति और अन्य चीजों’’ के आधार पर विभाजित करने का आरोप लगाया। खरगे ने आरोप लगाया कि मोदी द्वारा फैलाए गए झूठ का कोई अंत नहीं है। उन्होंने प्रधानमंत्री को हर साल दो करोड़ रोजगार सृजित करने के उनके वादे को याद दिलाया। कांग्रेस प्रमुख ने यह जानना चाहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार ने पिछले 10 साल के शासन में कितनी नौकरियां सृजित की हैं। उन्होंने दावा किया कि 30 लाख सरकारी पद रिक्त हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इन रिक्तियों को इसलिए नहीं भर रही है क्योंकि उनमें से 50 फीसदी नौकरियां अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लोगों को मिल जाएंगी। खरगे के मुताबिक, मोदी चाहते हैं कि स्थायी सरकारी नौकरियों से वंचित लोग दिहाड़ी मजदूर और संविदा कर्मी के रूप में काम करते रहें। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव डी राजा ने भी ‘इंडिया’ गठबंधन की इस चुनावी रैली को संबोधित किया। राजा ने कहा कि 2024 के चुनाव देश और उसके भविष्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण हो गए हैं।