Breaking News

उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण की 55 सीटों के लिए कल होगा मतदान


  उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और रुहेलखंड के नौ जिलों की 55 सीटों के लिए होने वाले मतदान की तैयारियां पूरी कर ली गयी है।

 राज्‍य के मुख्‍य निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्‍ल ने आज यहां बताया कि द्वितीय चरण के मतदान में 2.02 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे और इनमें 1.08 करोड़ पुरूष, 0.94 करोड़ महिला तथा 1269 तृतीय लिंग के मतदाता हैं। द्वितीय चरण के निर्वाचन में कुल 55 विधान सभा क्षेत्रों में 586 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें से 69 महिला प्रत्याशी हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा।

      सात चरणों में उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव प्रस्तावित है। दस फरवरी को पहले चरण का मतदान संपन्न होने के बाद अब दूसरे चरण में राज्य के नौ जिलों- सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, सम्भल, रामपुर, अमरोहा, बदायूं, बरेली तथा शाहजहांपुर की 55 विधानसभा सीटों के लिए 14 फरवरी, सोमवार को मतदान होगा।

दूसरे चरण के चुनाव में कुल 23,404 मतदेय स्थल तथा 12,544 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। कोविड-19 के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदेय स्थलों पर मतदाताओं की अधिकतम संख्या 1,250 तक रखने के निर्देश दिये गये हैं। सभी मतदेय स्थलों पर रैंप, शौचालय तथा पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध कराये जाने के निर्देश जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि मतदान पर सतर्क दृष्टि रखने के लिए आयोग द्वारा 51 सामान्य प्रेक्षक, 09 पुलिस प्रेक्षक तथा 17 व्यय प्रेक्षक भी तैनात किये गये हैं। इसके अलावा 1,793 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 220 जोनल मजिस्ट्रेट, 109 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा 2,806 माइक्रो ऑब्जर्वर भी तैनात किये गये हैं।
 भारत निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य स्तर पर एक वरिष्ठ सामान्य प्रेक्षक, 01 वरिष्ठ पुलिस प्रेक्षक तथा 02 वरिष्ठ व्यय प्रेक्षक भी तैनात किये गये हैं, जो कि क्षेत्र में रहकर सम्पूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया का पर्यवेक्षण करेंगे। द्वितीय चरण में कुल 252 आदर्श मतदान केन्द्र तथा 127 समस्त महिला कर्मी मतदेय स्थल बनाए गए हैं। दूसरे चरण में होने वाले 55 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2017 में 38 सीटें जीती थीं जबकि समाजवादी पार्टी (सपा) को 15 और कांग्रेस को दो सीटें मिली थीं। सपा और कांग्रेस ने पिछला विधानसभा चुनाव गठबंधन में लड़ा था। सपा की जीती हुई 15 सीटों में 10 सीटों पर मुस्लिम उम्मीदवार विजयी हुए थे।

      इस बार सपा, राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) समेत कई छोटे दलों के गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में हैं और इस चरण को सपा गठबंधन के प्रभाव वाला इलाका माना जा रहा है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ब्रह्मदेव राम तिवारी के अनुसार प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाताओं की सुविधा और कोविड-19 से सुरक्षा की विशेष व्यवस्था करायी गयी हैं तथा मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए वहां पर समुचित एवं आवश्यक व्यवस्थाएं कराने के लिए प्रशासन को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।
      निर्वाचन आयोग के अनुसार दूसरे चरण में कुल 586 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना (शाहजहांपुर सदर), जल शक्ति राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख (बिलासपुर), नगर विकास राज्य मंत्री महेश चंद्र गुप्ता (बदायूं), माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी (चंदौसी), आयुष राज्यमंत्री रहे और अब सपा के प्रत्याशी धर्म सिंह सैनी (नकुड़), वरिष्ठ सपा नेता आजम खान (रामपुर सदर) और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम (स्वार) प्रमुख हैं।