ओकाड़ा। भारत में कई बार यह ऐसी खबरें आती हैं कि पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के जीतने पर खुशी का इजहार किया गया। इसे लेकर लोग आपत्ति भी जताते हैं। इस बार पाकिस्तान का यह वाकया है। ऐसा किसी हिन्दू ने नहीं किया है। यह शख्स मुस्लिम है और विराट कोहली का प्रशंसक है। वह विराट को इतना चाहता है कि उसने सम्मान में अपनी छत पर भारतीय तिरंगा लहरा दिया। हालांकि उसका यह उतावलापन भारी पड़ा और उसे पुलिस ने अरेस्ट कर लिया।
बीबीसी के मुताबिक पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के ओकाड़ा शहर में पुलिस ने एक व्यक्ति को अपने घर की छत पर भारतीय झंडा तिरंगा फहराने पर हिरासत में लिया है। ओकाड़ा के सदर थाना सर्किल के एक अधिकारी ने अपना नाम सार्वजनिक न करने की शर्त पर बीबीसी उर्दू को बताया कि उम्र दराज़ नाम के एक शख्स को मंगलवार को अरेस्ट किया गया था।
अरेस्ट किए गए व्यक्ति को मंगलवार को ही अदालत में पेश किया गया था और अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक उम्र दराज़ के खिलाफ 16 एमपीओ और 123ए के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस को खबर मिली थी कि उम्र दराज़ ने ओकाड़ा के एक गांव में अपने मकान पर भारतीय तिरंगा लहराया है जिस पर पुलिस ने छापा मारा। पुलिस के अनुसार उम्र दराज़ का कहना है कि वो भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली के प्रशंसक हैं और उनके लिए उन्होंने भारतीय झंडा अपने मकान पर फहराया था।