Breaking News

पानी के दाम सुनकर निकल आएगा आपका पसीना (मई दिवस पर विशेष )

नई दिल्ली। जब से लोगों को ये पता चला है कि विराट कोहली 600 रुपए लीटर का पानी पीते हैं तब से जैसे सबके होश ही उड़े हुए हैं। भई हैरानी की बात है ही, यहां लोग एक दिन में 600 रुपए कमा नहीं पाते और कुछ लोगों की पानी की एक बोतल ही इतने की आती है। वैसे विराट एक सफल क्रिकेटर हैं और उनके पास बहुत सारे विज्ञापन भी हैं जाहिर है ऐसे में पैसों की कमी नहीं होगी। दूसरी बात यह कि विराट अपनी सेहत को लेकर काफी सचेत रहते हैं।

विराट की एवियन की बोतल सीधे फ्रांस से आती है और वो जहां जाते हैं केवल यही पानी पीते हैं। जहां इसके मिलने की गुंजाइश नहीं होती वहां वो इसे अपने साथ ले जाते हैं। ये पानी खासतौर पर फ्रांस के प्राकृतिक स्रोतों से आता है जो मिनरल से भरपूर होता है। यह वजह है कि ये विराट की पहली पसंद है। लेकिन अगर आपको लग रहा है कि ये दुनिया का सबसे महंगा पानी है तो हम आपको बता दें कि दुनिया में ऐसी कई कंपनियां हैं जो हजारों रुपए का पानी बेचती हैं और लोग उसे खरीदते भी हैं। अब जिन लोगों के पास बेशुमार पैसा है वो उसका करेंगे भी क्या। तो आइए हम आपको दुनिया की पांच सबसे महंगी पानी की बोतलों के बारे में बताते हैं जिनका दाम सुनकर आपके पसीने निकल आएंगे और आपको अपने फ्रिज की ओर दौड़ लगानी पड़ेगी।

1. वीन

वीन का पानी फिनलैंड से आता है और ऐसा कहा जाता है कि ये धरती का सबसे शुद्ध पानी है। भारतीय कलाकार इस बात को सुन लें तो इनको कायदे से बताएं कि हम इतने सालों से चिल्ला-चिल्ला कर क्या सिर्फ टाइम पास कर रहे हैं? ऐसा दावा किया जाता है कि दूसरे पानी के मुकाबले ये आपकी प्यास सबसे तेज बुझाता है। इसकी कीमत है $23/75 एमएल यानी लगभग 1500 रुपए।

2. ब्लिंग एच टू ओ

ये पानी नहीं है, ये है h2o! इसकी खासियत इसका नाम है। इसको सुनते ही मन में गहनों का खयाल आ जाता है। इसकी बोतल पर नग जड़े होते हैं यही वजह है कि इसका पानी पीने के बाद आपकी प्यास थोड़ी ज्यादा बुझती है। इसको शैमपेन की बोतल की तरह खोला जाता है। इसकी कीमत है $40/ 750 एमएल यानी 2500 रुपए से ऊपर। अगर इतने का पानी पीना हो तो शायद आम लोग प्यासे ही मर जाएंगे।

3. फिलिको

इस कंपनी के पानी का तो पता नहीं लेकिन इसकी बोतल शतरंज के राजा-रानी की तरह होती हैं। इसीलिए इसे राजा-रानी ही पी सकते हैं क्योंकि ये आम लोगों की पहुंच से तो बिल्कुल बाहर है। इसका ढक्कन कोई आम ढक्कन नहीं होता बल्कि सोने के मुकुट की तरह होता है। ये पानी जापान का है और इसकी कीमत है सिर्फ $219 यानी 14,128 रुपए। आम लोगों के लिए तो ये किसी मजाक से कम नहीं है।

4. कोना निगारी वॉटर

इसका नाम ही खतरनाक लग रहा है। ये भी जापान का ही ब्रांड है। कंपनी की मानें तो इसे पीने से वजन कम हो सकता है। ये पानी हवाई के समुद्र के कई फीट नीचे से इकठ्ठा किया जाता है। इसके बाद इसमें से नमक को निकाल दिया जाता है। अब इसमें तो मेहनत लगती ही होगी लेकिन इसका स्वाद बिल्कुल अच्छा नहीं होगा। आखिर नमकीन पानी भला कौन पीना चाहेगा? इसकी कीमत है $402/ 750 एमएल यानी 26,000 रुपए। बताइए इंजीनियरिंग करके भी लोगों को इतनी सैलरी नहीं मिलती।

5. एक्वा डी क्रिस्टलो ट्रिबुटो ए मोडीग्लिएनी

जिस पानी का नाम ही इतना भयंकर हो सोचिए उसकी कीमत कितनी होगी। ये है दुनिया की सबसे महंगी पानी की बोतल। ये $60,000 डॉलर की है। इसकी खासियत है इसकी बोतल जो शुद्ध सोने की बनी हुई है। लगता है जैसे इसे उस राजा ने छू दिया था, जिसने ये वरदान मांगा था कि मैं जिस चीज को स्पर्श करूं वो सोने की हो जाए। सोने के अलावा ये और दूसरे महंगे रत्नों में भी मिलती है। ये बोतल एक लेदर के केस में आती है। साथ ही इसके पानी में 5 ग्राम सोने की भस्म भी मिली होती है। अब इसके बाद क्या ही कहना। सोने का पानी पीने का भी अपना स्वैग होता होगा। खैर इसकी कीमत है लगभग 38 लाख 70 हजार रुपए। इस बोतल को तो शोकेस में सजाया जाता होगा। लोग पानी को लॉकर में रखते होंगे।