Breaking News

त्रिपुरा में योगी का कांग्रेस और लेफ्ट पर हमला, कहा- ये सरकारे सिर्फ घुसपैठ करवाती थी और सुरक्षा में सेंध लगवाती थी

नई दिल्ली राजनाथ सिंह ने कहा कि मैंने त्रिपुरा के बच्चों को लालटेन जलाकर पढ़ते देखा है लेकिन जब से भाजपा की सरकार आई है तब से त्रिपुरा के हर गांव में बिजली पहुंची है।

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव प्रचार चरम पर है। बड़े बड़े नेता चुनाव प्रचार के लिए राज्य का दौरा कर रहे हैं। मंगलवार को उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी खोवाई में एक रैली को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि काम पहले भी हो सकता था, लेकिन कम्युनिस्टों ने नहीं किया। कांग्रेस ने भी नहीं किया क्योंकि विकास उनके एजेंडे में नहीं था। घुसपैठ करवाते थे, यहां सुरक्षा में सेंध लगवाते थे। गरीबों के लिए आने वाली योजनाओं पर लूटपाट कराते थे

माकपा और कांग्रेस भगवान राम या कृष्ण के अस्तित्व में विश्वास नहीं करती: योगी
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि त्रिपुरा विधानसभा चुनाव संयुक्त रूप से लड़ रही माकपा और कांग्रेस भगवान राम या कृष्ण के अस्तित्व में विश्वास नहीं करती हैं। आदित्यनाथ ने उत्तरी त्रिपुरा के बागबासा में एक चुनावी रैली में दावा किया कि इन दोनों दलों ने उत्तर प्रदेश में काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर और राम मंदिर के निर्माण को रोकने की भी कोशिश की।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि त्रिपुरा के लोगों ने कई वर्षों तक कम्युनिस्ट और कांग्रेस दोनों शासनों के “कुशासन” को देखा है, लेकिन छोटे पूर्वोत्तर राज्य ने भाजपा के तहत पहली बार विकास दर्ज किया है। कांग्रेस और माकपा ने ज्यादातर त्रिपुरा पर शासन किया, और भाजपा 2018 में सत्ता में आई, 25 साल के वाम शासन को समाप्त कर दिया। उन्होंने 16 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव को गठबंधन में लड़ने का फैसला किया है।

ममता बनर्जी ने भाजपा पर बोला हमला
टीएमसी चीफ ममता बनर्जी भी राज्य के दौरे पर पहुंची और उन्होंने राजधानी अगरतला की सड़कों पर रोड शो किया। इस दौरान बड़ी संख्या में टीएमसी नेता और कार्यकर्ता भी उनके साथ राजधानी की सड़कों पर चले। अगरतला में ममता बनर्जी ने जनसभा को संबोधित भी किया। जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि यहां सीपीएम-कांग्रेस गठबंधन है, बंगाल में भाजपा, सीपीएम और कांग्रेस तीनों मिलकर हमारे खिलाफ बोलती हैं, उन्हें शर्म नहीं आती। सीपीएम की सरकार बंगाल में सालों थी लेकिन इन्होंने क्या किया? कांग्रेस चार साल साथ रहेगी लेकिन चुनाव से पहले पलटी मारेगी।

बता दें कि रविवार को टीएमसी ने त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया। इस घोषणा पत्र में दो लाख नई नौकरियां सृजित करने, बेरोजगार युवाओं को हर महीने एक हजार रुपए का भत्ता देने का एलान किया है। टीएमसी ने कहा कि ‘विकास के बंगाल मॉडल’ के आधार पर यह घोषणा पत्र तैयार किया गया।

राजनाथ सिंह ने भी त्रिपुरा में रैली की
वहीं रक्षा मंत्री और भाजपा नेता राजनाथ सिंह मंगलवार को त्रिपुरा की राजधानी अगरतला पहुंचे। यहां उन्होंने उनाकोटि और पश्चिम त्रिपुरा जिले में भाजपा की ‘विजय संकल्प’ रैलियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मैंने त्रिपुरा के बच्चों को लालटेन जलाकर पढ़ते देखा है लेकिन जब से भाजपा की सरकार आई है तब से त्रिपुरा के हर गांव में बिजली पहुंची है। लोग कहते थे त्रिपुरा में भाजपा जीरो है और CPM सबकुछ है लेकिन 2018 में लोगों ने भाजपा को ज़ीरो से हीरो बना दिया। उन्होंने कहा कि पहले यहां बिजली नहीं आती थी लेकिन आज न सिर्फ यहां बिजली आ रही है बल्कि हम बांग्लादेश को भी बिजली दे रहे हैं।