Breaking News

Yogi Adityanath Shapath Live: आज से फिर योगीमय होगा यू.पी. 47 मंत्री के साथ लेंगे शपथ , डिप्टी सीएम पर सस्पेंस बरकरार

लखनऊ।: योगी आदित्यनाथ आज दूसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके साथ ही वह प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री बन जाएंगे, जो पांच साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद दोबारा सत्ता संभालेंगे। गुरुवार को योगी आदित्यनाथ ने सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश किया। योगी आदित्यनाथ आज शाम चार बजे अटल बिहारी वाजपेयी क्रिकेट स्टेडियम भव्य समारोह में शपथ लेंगे।

तमाम मिथक और रिकार्ड तोड़कर दोबारा सत्ता में आई प्रदेश की योगी सरकार के शुक्रवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर पूर्वांचल की खास निगाह टिकी है। कई सीटों के नुकसान के बाद अब यहां सरकार मंत्रिमंडल के जरिए पूर्वांचल की जातीय सियासत को भी साधने की पूरी कोशिश करेगी। फिलहाल पूर्वांचल के 10 जिलों से दस से ज्यादा विधायकों के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ शपथ लेने की उम्मीद है। इसमें वाराणसी के चार विधायकों में दो को कैबिनेट, एक को स्वतंत्र प्रभार और एक को राज्यमंत्री का तोहफा मिल सकता है।
भाजपा विधायक दल की बैठक में उप मुख्यमंत्री को लेकर घोषणा नहीं की गई है। 2017 में योगी आदित्यनाथ को विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद योगी ने सरकार में सहयोग के लिए दो उप मुख्यमंत्री नियुक्त करने का प्रस्ताव रखा था। उसके बाद केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा को उप मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया था। गुरुवार को विधायक दल की बैठक में उप मुख्यमंत्री की घोषणा को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। लेकिन पार्टी ने फिलहाल उप मुख्यमंत्री को लेकर सस्पेंस बरकरार रखा है।

ये नए चेहरे भी पा सकते हैं मौका
अरविंद कुमार शर्मा, असीम अरुण, राजेश्वर सिंह, अश्वनी त्यागी, शलभमणि त्रिपाठी, राजेश त्रिपाठी, ब्रजेश सिंह रावत, दयाशंकर सिंह, राजेश चौधरी, दीनानाथ भास्कर, और प्रतिभा शुक्ला।

इन महिलाओं को भी मिल सकती है जगह
नीलिमा कटियार, गुलाब देवी, डॉ. सुरभि, अंजुला माहौर, केतकी सिंह, प्रतिभा शुक्ला, अनुपमा जायसवाल, अदिति सिंह और सरिता भदौरिया।