Breaking News

ममता बनर्जी का दावा, कहा-आने वाले चुनाव में देश की महिलाएं भाजपा को राजनीति से बाहर कर देंगी

मणिपुर के बादल वीडियो को लेकर एक बार फिर से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस के प्रमुख ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि भाजपा का बेटी बचाओ नारा अब बेटी जलाओ में तब्दील हो गया है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में देश की महिलाएं भाजपा को राजनीति से बाहर कर देंगी। मणिपुर वायरल वीडियो को लेकर देश की राजनीति जबरदस्त तरीके से गर्म है। विपक्षी दल केंद्र की सरकार पर निशाना साध रहे हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। कड़ी से कड़ी कार्रवाई होगी। साथ ही साथ उन्होंने राज्य सरकारों से महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को लेकर कठोर रवैया अपनाने की अपील की।

ममता ने क्या कहा

ममता बनर्जी ने अपने बयान में कहा कि आपने (बीजेपी) ‘बेटी बचाओ’ का नारा दिया था, अब आपका नारा कहां है. हम मणिपुर के लोगों के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि आज मणिपुर जल रहा है, पूरा देश जल रहा है। बिलकिस बानो मामले में आरोपियों को जमानत पर रिहा कर दिया गया। उन्होंने कहा कि पहलवान मामले में (बृज भूषण सिंह) को भी जमानत मिल गई। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में देश की महिलाएं आपको देश की राजनीति से बाहर कर देंगी। उन्होंने कहा कि हम मणिपुर के साथ अपनी एकजुटता जाहिर करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हम विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के बैनर तले केंद्र के खिलाफ सभी प्रदर्शनों का आयोजन करेंगे।

 

मोदी से सवाल

ममता ने कहा कि मैं पीएम मोदी से पूछना चाहती हूं कि क्या मणिपुर की घटना से आपको थोड़ा भी दुख नहीं हुआ? उन्होंने कहा कि आप पश्चिम बंगाल पर उंगली उठाते हैं लेकिन क्या आपको बहनों और माताओं से प्यार नहीं है? कब तक बेटियां जलाई जाएंगी, दलित, अल्पसंख्यक मारे जाएंगे, लोग मारे जाएंगे? उन्होंने कहा कि हम मणिपुर नहीं छोड़ेंगे, उत्तर पूर्वी बहनें हमारी बहनें हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल को बदनाम करने की साजिश हो रही है। उन्होंने कहा कि देश के किसान दिक्कत में हैं। ममता ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि वो देश को बेचना चाहते हैं और हम बचाना चाहते हैं। 2024 में लोकतंत्र की जीत होगी। उन्होंने नारा देते हुए कहा, रोटी, कपड़ा, मकान, जीतेगा हिंदुस्तान। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि हमें कोई पद नहीं चाहिए, हम सिर्फ भाजपा का शासन हटाना चाहते हैं।