Breaking News

हिमाचल के बाद अब गुजरात विधानसभा में भी मोर्चा संभालेंगे सीएम योगी आदित्यनाथ

लखनऊ,: देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी लगातार दूसरी बार संभालने वाले योगी आदित्यनाथ बड़े ब्रांड के रूप में स्थापित हो चुके हैं। भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक सीएम योगी आदित्यनाथ का क्रेज दिन पर दिन बढ़ता ही जा रहा है। हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में प्रचार के बाद अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुजरात के चुनाव में भी प्रचार का मोर्चा संभालेंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह तथा भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुजरात के विधानसभा चुनाव में प्रचार करेंगे। गुजरात में दो चरण एक दिसंबर और पांच दिसंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रचार कार्य के मोर्चे की अगली पंक्ति में रहेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ का क्रेज देश के सभी राज्यों में बढ़ रहा है। हर राज्य की जनता उन्हें सिर आंखों पर बिठाने लगी है। हिमाचल प्रदेश के व्यस्ततम चुनावी कार्यक्रम से खाली होने के बाद योगी आदित्यनाथ अगले मोर्चे पर डट जाएंगे। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें गुजरात के स्टार प्रचारकों की सूची में भी शामिल कर लिया।

40 स्टार प्रचारकों की सूची
भाजपा ने गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए जिन 40 स्टार प्रचारकों की सूची चुनाव आयोग को सौंपी, उसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, योगी आदित्यनाथ के अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भोजपुरी फिल्मों के स्टार एवं सांसद मनोज तिवारी, दिनेश लाल यादव ‘निरहुआÓ, रवि किशन, हेमा मालिनी, परेश रावल, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, पूर्व उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल आदि के नाम शामिल हैं।

गुजरात में एक और पांच दिसंबर दिसंबर में चुनाव है। यहां पर 182 विधानसभा सीट पर मतदान होने हैं। यहां के चुनाव नतीजे आठ दिसंबर को हाल ही में सम्पन्न हुए हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव के साथ ही आएंगे।

गुजरात में उत्तर प्रदेश के निवासियों की बड़ी आबादी

गुजरात में उत्तर प्रदेश के साथ उत्तर भारतीयों की काफी बड़ी संख्या है। गुजरात में गैर प्रांतों के करीब 42 लाख लोग रह रहे हैं। दो शहरों (अहमदाबाद और सूरत) की करीब 50 फीसद आबादी बाहर के लोगों की है। इन दोनों शहरों में विधानसभा की सीटें भी सर्वधिक हैं। गुजरात में रहने वाले अन्य राज्यों के लोगों में सर्वाधिक उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान व और मध्य प्रदेश के हैं।