Breaking News

पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा रतन टाटा का अंतिम संस्कार, गुजरात में आज शोक दिवस

रतन टाटा के निधन पर देशभर में शोक की लहर है। उन्होंने 86 साल की आयु में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। टाटा के निधन पर टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने समूह की तरफ से संदेश जारी किया। चंद्रशेखरन ने पद्मविभूषण रतन टाटा योगदान को अतुल्य बताया। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि टाटा का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक ने दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा को श्रद्धांजलि देने के लिए रेत कला बनाई।

वर्ली श्मशान घाट में होगा अंतिम संस्कार

मुंबई के एनसीपीए ग्राउंड में रतन टाटा के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू हो गई है। उनके पार्थिव शरीर को ग्राउंड से वर्ली श्मशान घाट ले जाया जा रहा है।

गुजरात में आज शोक दिवस

गुजरात सरकार ने रतन टाटा के सम्मान में एक दिन के शोक की घोषणा की है। गुजरात सरकार के मुताबिक शोक दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा और सरकार का कोई सांस्कृतिक या मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।

देश ने एक बेहतरीन इंसान खो दिया: चंद्रबाबू नायडू

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि उन्होंने हमेशा देश के बारे में बात की। उन्होंने भारत को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाई। एक उद्योगपति के तौर पर उनका दूरदर्शिता महान थी। जब मैनें उनसे तिरुपति में कैंसर अस्पताल खोलने का आग्रह किया तो उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया और अस्पताल खोला। हमने बेहतरीन इंसान खो दिया। लेकिन उनके विचार और आदर्श हमेशा जीवंत रहेंगे।

आमिर खान और किरण राव ने दी श्रद्धांजलि

फिल्म अभिनेता आमिर खान और फिल्म निर्देशक किरण राव ने एनसीपीए ग्राउंड पहुंचकर रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी। फिल्म निर्माता आमिर खान ने कहा कि यह देश के लिए दुखद दिन है। देश के लिए रतन टाटा का योगदान अमूल्य है। वे हमेशा यादों में रहेंगे। किरण राव ने कहा रतन टाटा बेहद अच्छे इंसान थे। यह बहुत दुखद है कि वे अब हमारे बीच में नहीं हैं। उन्होंने देश के लिए बहुत कुछ किया है।

महाराष्ट्र के राज्यपाल ने दी श्रद्धांजलि

महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णनन ने एनसीपीए ग्राउंड में रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी।