लखनऊ अवध क्षेत्र की 13 लोकसभा सीटों में आने वाली 65 विधानसभाओं में 45 सीटें इंडिया गठबंधन जीतने में सफल रहा है। लखनऊ सीट की सभी विधानसभाएं भी भाजपा जीतने में सफल नहीं रही।
लोकसभा और विधानसभा के चुनाव अलग-अलग पैटर्न और मुद्दों पर होते हैं। एक के परिणामों के साथ दूसरे को सीधे तौर पर नहीं जोड़ा जा सकता लेकिन चुनावी माहौल का एक ट्रेंड जरूर समझ में आ जाता है। यूपी के अवध क्षेत्र में लोकसभा की 13 सीटें आती हैं। इस बार लोकसभा चुनावों में इन 13 सीटों में भाजपा को चार और इंडिया गठबंधन को नौ सीटें मिली हैं। यदि हम इंडिया गठबंधन की नौ सीटों को कांग्रेस और सपा में अलग करके बांटें तो कांग्रेस के पास चार सीटें और सपा के पास पांच सीटें हैं। इन 13 सीटों का हम विधानसभा में बांटें तो यह 65 विधानसभा क्षेत्र होते हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव परिणामों को हम विधानसभा वार बढ़त के रूप में देखें तो 65 में से 45 सीटों पर इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार आगे रहे हैं। जबकि महज 20 सीटों पर भाजपा अपनी बढ़त बना सकी है। इस लिहाज से देखें तो वह इंडिया गठबंधन भाजपा से दोगुनी से अधिक सीटें जीतने में सफल रहा है।
चार ऐसे लोकसभा क्षेत्र हैं जहां इंडिया गठबंधन सभी विधानसभाओं में बढ़त लेने में कामयाब रहा है। रायबरेली, अमेठी, अंबेडकरनगर और बाराबंकी वह लोकसभा सीटें हैं जहां इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी हर विधानसभा में बढ़त लेते दिखें। इन चार में से अंबेडकरनगर को छोड़कर बाकी तीन सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार जीतने में सफल रहें। अंबेडकरनगर में सपा प्रत्याशी ने सभी विधानसभाओं में विजयी पायी है।