Breaking News

10 मार्च के बाद शांत हो जाएगी अराजकता फैलाने वालों की गर्मी: योगी

उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार प्रचार कर रहे हैं। हालांकि आज उन्होंने मुरादाबाद के बिलारी में एक वर्चुअल रैली को संबोधित किया। अपने संबोधन में योगी ने अराजकता फैलाने वाले लोगों को एक बार फिर से कड़ी चेतावनी दी है। योगी ने कहा कि जो लोग अराजकता फैलाते थे, सरकार ने 5 सालों में उनसे सख्ती से निपटी थी। कुछ लोग फिर से कर्मी दिखा रहे हैं। 10 मार्च के बाद भाजपा की सरकार आने दीजिए, इनकी गर्मी को शांत करने का काम किया जाएगा। योगी ने कहा कि महिलाओं को अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित होने की जरूरत नहीं है। यह हमारा कर्तव्य है। हमारे युवाओं को रोजगार की चिंता करने की जरूरत नहीं है। यह हमारा कर्तव्य भी है। हम इस साल अपने युवाओं को 1 करोड़ टैबलेट और स्मार्टफोन उपलब्ध कराने जा रहे हैं।

योगी ने कहा कि 2012-17 में बरैली में लगभग 8 बार दंगे हुए, 5 सालों में बरैली में एक भी दंगा नहीं हुआ। UP की पहचान दंगों से होती थी आज उसी UP की पहचान सुरक्षा के मद्देनज़र बेहतर माहौल में अपनी छवि के लिए होती है। उन्होंने कहा कि पिछले 5 साल में हमने 1,59,000 करोड़ रुपए के गन्ना मूल्य का भुगतान गन्ना किसानों के खाते में किया है। जबकि बसपा और सपा सरकार के दौरान गन्ना मूल्य का इतना भुगतान नहीं हुआ था। इसके साथ ही योगी ने कहा कि अकेले रामपुर में बसपा सरकार के दौरान 653 करोड़ रुपए का गन्ना मूल्य का भुगतान किसानों को हुआ था। सपा सरकार के दौरान 1,400 करोड़ रुपए का भुगतान हुआ था। वहीं भाजपा सरकार के दौरान अकेले रामपुर में 2,400 करोड़ रुपए का गन्ना भुगतान हो चुका है।
इससे पहले योगी ने ट्वीट कर कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार ने कोरोना महामारी की चुनौतियों के बीच ‘आपदा को अवसर’ मानते हुए आप सभी के जीवन और जीविका को सुरक्षित करने का कार्य किया। जनपद मुरादाबाद में 5.15 लाख परिवारों को बिना भेदभाव मुफ्त राशन की डबल डोज मिल रही है। ऐसे होता है सामाजिक न्याय…। मुरादाबाद के बने पीतल के बर्तन लोग अपनी बेटी को शादी में उपहार देते थे। बड़े गर्व से कहते थे, ‘मुरादाबाद का पीतल’ है। लेकिन, सरकारों की अदूरदर्शिता व उपेक्षा के चलते यहां पीतल उद्योग बंद होता गया। आज भाजपा सरकार के अभिनव प्रयासों से यहां का पीतल उद्योग पुनर्जीवित हो उठा है। वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2017 में जनता ने भाजपा को विजयी बनाया, जिससे उत्तर प्रदेश विकास ऊंचाइयों को छू रहा है। 10 फरवरी को पुन: कमल के फूल का बटन दबा कर भाजपा को अपना आशीर्वाद प्रदान करें व फिर एक बार उत्तर प्रदेश का विकास करने के लिए भाजपा की पूर्ण बहुमत सरकार बनाएं।