Breaking News

बिल गेट्स को पीछे छोड़कर अमेजन के जेफ बेजोस बने दुनिया के सबसे अमीर आदमी

न्यूयार्क। अब तक माइक्रोसॉफ्ट के मुखिया बिल गेट्स को ही दुनिया के सबसे अमीर शख्स के तौर पर जाना जाता रहा है। अब बिल गेट्स को पछाड़कर ऐमजॉन के फाउंडर जेफ बेजोस दुनिया के सबसे रईस शख्स बन गए हैं।गुरुवार की सुबह Amazon.com के शेयरों में उछाल के चलते ऑनलाइन रिटेलर कंपनी के मुखिया दुनिया के सबसे अमीर शख्स बन गए। गुरुवार की सुबह 10 बजे न्यू यॉर्क स्टॉक एक्सचेंज में ऐमजॉन के शेयर 1.3 पर्सेंट की उछाल के साथ $1,065.92 के स्तर पर पहुंच गए।

इस उछाल से जेफ बेजोस की कुल संपत्ति 90.9 अरब डॉलर यानी करीब 5 लाख 80 हजार करोड़ रुपये के करीब पहुंच गई। उनके मुकाबले अब तक दुनिया के सबसे अमीर शख्स कहे जाने वाले बिल गेट्स की संपत्ति 90.7 अरब डॉलर है। मई 2013 से ही माइक्रोसॉफ्ट कॉर्पोरेशन के को-फाउंडर 61 वर्षीय गेट्स ब्लूमबर्ग के इंडेक्स में पहले स्थान पर थे। इसी साल मार्च में जोफ बेजोस दुनिया के अमीरों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए थे।

ब्लूमबर्ग इंडेक्स के मुताबिक बेजोस ने यूरोप के सबसे अमीर व्यक्ति अमेनसियो ओरटेगा और वॉरेन बफेट को पछाड़कर दूसरा स्थान हासिल किया था। इस वर्ष जेफ बेजोस ने अपनी संपत्ति में करीब 25 अरब डॉलर की राशि जोड़ी है। बीते 8 नवंबर को अमेरिका में डॉनल्ड ट्रंप के नए राष्ट्रपति बनने के बाद से शेयर बाजारों में तेजी आई है। इसका सबसे अधिक लाभ ऐमजॉन को ही मिला है।