Breaking News

लंदन में भारतीय ध्वज को नीचे गिराने की घटना को लेकर भारतीय सिख समुदाय ने नाराजगी, ब्रिटिश उच्चायोग के बाहर विरोध किया प्रदर्शन

रविवार को लंदन में कुछ खालिस्तान समर्थकों ने भारतीय उच्चायोग से भारतीय राष्ट्रीय ध्वज को उतारने की कोशिश की। इसको लेकर भारत के सिखों में जबरजस्त नाराजगी है। लंदन में भारतीय उच्चायोग के बाहर खालिस्तानी तत्वों द्वारा भारतीय ध्वज को नीचे गिराने की घटना को लेकर सिख समुदाय ने दिल्ली में ब्रिटिश उच्चायोग के बाहर विरोध प्रदर्शन किया है। सभी के हाथों में भारतीय तिरंगा भी था। चाणक्यपुरी में ब्रिटिश उच्चायोग के बाहर सैकड़ो सिख समुदाय के कई लोग जमा हुए और विरोध-प्रदर्शन किया। इस दौरान वे नारेबाजी करते भी नजर आएं। उनके हाथों में तख्तियां भी थीं जिसपर लिखा था ‘भारत हमारा स्वाभिमान है’।

सिख समुदाय के लोगों ने साफ तौर पर कहा कि हम राष्ट्रीय ध्वज का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। आपको बता दें कि लंदन में कुछ खालिस्तान समर्थकों ने भारतीय उच्चायोग से तिरंगा को उतारने की कोशिश की थी। हालंकि, प्रदर्शनकारियों का यह प्रयास नाकाम रहा और भारतीय तिरंगा शान से लहरा रहा है। खालिस्तानियों द्वारा लंदन में भारतीय उच्चायोग में तोड़फोड़ पर विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने कहा कि हमने इस पर भारत की प्रतिक्रिया दे दी है। अपराधियों को गिरफ्तार करने की जरूरत है। हमने ब्रिटिश अधिकारियों को यूके उच्चायोग में सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता के बारे में स्पष्ट रूप से संकेत दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गयी है।

भारत ने अपने उच्चायोग की सुरक्षा को लेकर ब्रिटिश सरकार के सामने अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया और परिसर में समुचित सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर सवाल उठाया। टूटी हुई खिड़कियों और ‘इंडिया हाउस’ की इमारत पर चढ़ने वाले लोगों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई हैं। ब्रिटेन के शीर्ष अधिकारियों ने अलगाववादी खालिस्तानी झंडे लहराने वाले प्रदर्शनकारियों के एक समूह द्वारा भारतीय उच्चायोग में तोड़फोड़ को ‘‘शर्मनाक’’ और ‘‘पूरी तरह अस्वीकार्य’’ बताते हुए कहा कि ब्रिटिश सरकार यहां भारतीय मिशन की सुरक्षा को ‘‘गंभीरता’’ से लेगी। उल्लेखनीय है कि पंजाब में खालिस्तान समर्थक नेता अमृतपाल सिंह पर कार्रवाई के बीच प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ तथाकथित ‘‘जनमत संग्रह 2020’’ करा रहा है।