Breaking News

दिल्ली में नाबालिग लड़की की हत्या का सनसनीखेज खुलासा:युवक ने नाबालिक लड़की पर किए चाकू के 21 वार

नई दिल्ली  दिल्ली में नाबालिग लड़की की हत्या का सनसनीखेज सीसीटीवी सामने आया है। आरोपी युवक नाबालिग लड़की को कहासुनी होने पर गली में रोकता है। इसके बाद ताबड़तोड़ चाकू से वार करना शुरू कर देता है।

देश की राजधानी दिल्ली में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में एक युवक ने नाबालिग लड़की की चाकू से गोदने के बाद पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

 

जानकारी के अनुसार, बाहरी उत्तरी जिले के शाहबाद डेयरी पुलिस थाना इलाके में यह वारदात हुई। आरोपी युवक की पहचान साहिल पुत्र सरफराज के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी मिली है कि आरोपी साहिल और लड़की के बीच कहासुनी होती है। इसके बाद आरोपी साहिल लड़की को गली में रोक लेता है। कुछ ही सेकंड बाद आरोपी साहिल लड़की पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला करना शुरू कर देता है।

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी साहिल लड़की को चाकू से लगातार गोद रहा है, गली में लोग उसके पास से आते-जाते दिखाई दे रहे हैं, लेकिन किसी ने भी बीच बचाव करने की जहमत नहीं उठाई। साहिल लगातार चाकू से हमला करता रहा। इसके बाद उसने कई बार पत्थर से मारा। इसके बाद मौके से भाग गया। घायल लड़की को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मुखबिर ने बीट स्टाफ को नाबालिग युवती की हत्या की जानकारी दी। साथ ही पुलिस टीम को तुरंत घटनास्थल पर बुलाया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस पड़ताल में नाबालिग लड़की की पहचान 16 साल की साक्षी के रूप में हुई। मृतका ई-36 जेजे कॉलोनी के रहने वाले जनकराज की पुत्री थी।

पुलिस के अनुसार, साहिल और साक्षी के बीच संबंध थे, लेकिन रविवार को दोनों के बीच विवाद हो गया। जब साक्षी अपनी सहेली नीतू के बेटे के जन्मदिन में जा रही थी तो इसी दौरान साहिल ने उसे गली में रोक लिया। दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद आरोपी साहिल ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से वार कर दिए। जब इतने में भी मन नहीं भरा तो आरोपी ने कई बार उस पर पत्थर उठाकर मारा।
साक्षी के पिता की तहरीर पर थाना शाहबाद डेयरी में आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी साहिल अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

दिल्ली के शाहबाद डेरी में एक नाबालिग मासूम गुड़िया को चाकू गोद-गोदकर मारा गया और उसके बाद पत्थर से उसे कुचल दिया गया। दिल्ली में दरिंदों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस को नोटिस जारी कर रहे हैं। सब हदें पार हो गई हैं। मैंने अपने इतने वर्षों के करियर में इससे ज़्यादा भयानक कुछ नहीं देखा।