Breaking News

केजरीवाल अराजकता के प्रतीक हैं, वह नए प्रचार को बढ़ावा दे रहे ताकि उनके भ्रष्टाचार पर चर्चा न हो: अनुराग ठाकुर

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल पर जोरदार प्रहार किया है। दरअसल, अरविंद केजरीवाल ने हाल में ही भारतीय नोटों पर लक्ष्मी जी और गणेश जी की फोटो की मांग की थी। इसके बाद से देश की राजनीति गर्म है। इसी पर अब अनुराग ठाकुर ने भी केजरीवाल पर निशाना साधा है। अनुराग ठाकुर ने अपने बयान में कहा कि राम मंदिर का विरोध करने वालों, हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने वालों को एक मंत्री को बर्खास्त करना पड़ा। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल अराजकता के प्रतीक हैं। वह नए प्रचार को बढ़ावा दे रहे ताकि उनके भ्रष्टाचार पर चर्चा न हो।

इसके साथ ही ठाकुर ने कहा कि आप (दिल्ली के मुख्यमंत्री) दिल्ली में मुस्लिम मौलवियों को सालाना 18,000 रुपये देते हैं। उन्होंने कहा कि क्या आप पुजारियों, गुरुद्वारा ग्रंथियों और पादरियों को भी वही 18,000 रुपये देंगे? आप ऐसा क्यों नहीं कर सके? इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हमने मुद्रास्फीति को नियंत्रण में लाया और ईंधन की कीमतों में कमी की। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में कीमतों में कमी आई लेकिन कांग्रेस शासित राज्यों में कीमतें कम नहीं हुईं। कांग्रेस ने किसानों की कर्जमाफी का वादा किया था। वे पंजाब, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में ऐसा नहीं कर सके। हिमाचल चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि किसी भी चुनाव में जब टिकट का आवंटन होता है तो सबकी इच्छा होती है कि चुनाव लड़ें लेकिन सबको टिकट नहीं मिल पाता है।

भाजपा नेता ने कहा कि कई बार पार्टी में कुछ ऐसे वरिष्ठ नेता होते हैं जो निर्दलीय चुनाव लड़ना चाहते हैं ऐसे लोगों को पार्टी मनाने का प्रयास कर रही है। इससे पहले एक चुनावी प्रचार के दौरान उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का ऐसा देश है जहां पर कोरोना की 200 करोड़ से ज्यादा डोज लगाई गयी। हिमाचल प्रदेश की तरफ से अगर हम अपने प्रधानमंत्री जी को कुछ दे सकते है तो वह यह की कमल के बटन को दबाकर भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाना है। उन्होंने कहा कि आज हम गर्व से कह सकते है नरेंद्र मोदी की सरकार के आने के बाद से हिमाचल की जनता को उपहार स्वरूप कई योजनाएं मिली है।