Breaking News

जम्मू कश्मीरः मिनी बस गिरी खाई में, 11 की मौत कई घायल, मृतकों के परिजनों के लिए पांच.पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बुधवार को एक मिनी बस बड़ी दुर्घटना का शिकार हो गयी। बस के गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार 11 लोगों की मौत हो गई है जबकि 25 अन्य घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि पुंछ जिले की मंडी तहसील में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा के पास सावजियान में यह बस हादसे की शिकार हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही सेना, पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र में संयुक्त बचाव अभियान चलाया गया और घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। बताया जा रहा है कि बस से करीब 36 यात्री सफर कर रहे थे और यह गली मैदान से पुंछ की तरफ जा रही थी। लेकिन, सावजियान के सीमावर्ती इलाके में बरारी नाले के पास बस हादसे की शिकार हो गई।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के लिए पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। उन्होंने ट्वीट किया, “पुंछ के सावजियान में सड़क दुर्घटना में हुई मौत से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये दिए जाएंगे। उपराज्यपाल ने कहा कि पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को सर्वश्रेष्ठ इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया है।

इस बीच, मृतकों की पहचान मरूफ अहमद, बशीर अहमद, रोजसिया अख्तर, जरीना बेगम, मोहम्मद हसन, नाजिमा अख्तर, इमरान अहमद, अब्दुल करीम और अब्दुल कयूम के रूप में हुई है। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं। इसके अलावा मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं।

उधर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पुंछ सड़क हादसे में दुख जताया है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। राष्ट्रपति ने कहा, ‘पुंछ में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लोगों की मौत अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’ उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष रविंद रैना ने भी बस हादसे पर दुख जताया है और मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। इस बीच, मिनी बस दुर्घटना के संबंध में PMO ने ट्वीट कर कहा, “PMNRF से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।”