Breaking News

संसद में वित्त मंत्री बोली-भारत के विकास पर सभी को गर्व होना चाहिए, कुछ लोग देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था से जलते हैं, भारतीय रुपया हर मुद्रा के मुकाबले मजबूत हुआ

महंगाई और देश की अर्थव्यवस्था को लेकर विपक्ष जबरदस्त तरीके से केंद्र सरकार पर हमलावर है। संसद का मानसून सत्र भी चल रहा है। संसद में भी महंगाई और अर्थव्यवस्था के मुद्दे लगातार उठाई जा रही हैं। इन सब के बीच केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में आज बड़ी बात कही है। निर्मला सीतारमण ने साफ तौर पर कहा है कि देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था से कुछ लोग जलते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हम सब को इस पर गर्व होना चाहिए क्योंकि हमारे देश की अर्थव्यवस्था लगातार बढ़ रही है। अपने बयान में उन्होंने कहा कि दुख की बात है कि संसद में कुछ लोग देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था से जलते हैं। भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है लेकिन विपक्ष को इससे दिक्कत है।

वित्त मंत्री ने आगे कहा कि भारत के विकास पर सभी को गर्व होना चाहिए लेकिन कुछ लोग इसे मजाक के रूप में लेते हैं। इसके अलावा उन्होंने दावा किया कि भारतीय रुपया हर मुद्रा के मुकाबले मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि रिजर्व बैंक ने विदेशी मुद्रा भंडार का उपयोग किया है कि उसे यह सुनिश्चित करने के लिए बाजार में हस्तक्षेप करना है कि डॉलर-रुपये में उतार-चढ़ाव बहुत अधिक न हो। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक कार्यक्रम में कहा था कि देश को ‘‘शार्टकट राजनीति’’ नहीं, बल्कि सतत विकास की आवश्यकता है। इसके साथ उन्होंने कुछ राजनीतिक दलों पर देश की अर्थव्यवस्था को नष्ट करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इससे पहले करदाताओं का धन भ्रष्टाचार एवं वोट बैंक की राजनीति में नष्ट हो जाता था।

धर्मेन्द्र प्रधान का जवाब

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने सोमवार को लोकसभा को बताया कि बिहार के किशनगंज में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) की शाखा स्थापित करने के बारे में किसी प्रक्रिया की जानकारी नहीं मिली है और वर्ष 2010 में इसके बारे में असत्य बातें कही गईं। लोकसभा में प्रश्नकाल में कांग्रेस के मोहम्मद जावेद ने किशनगंज में एएमयू की शाखा स्थापित करने को लेकर कोष जारी करने के बारे में जानकारी मांगी थी। प्रधान ने पूरक प्रश्न के उत्तर में बताया कि सांसद ने किशनगंज में एएमयू की विस्तारित शाखा स्थापित करने के बारे में उनसे बात की थी।