Breaking News

रामपुर के रण में भाजपा का मुख्य हथियार बनेगा विकास, मुख्यमंत्री ने पहले ही बना ली थी रणनीति

लखनऊ, । उत्तर प्रदेश की रामपुर शहर विधानसभा सीट पर होने जा रहे उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ) का मुख्य हथियार विकास बनेगा। विधानसभा चुनाव के बाद से ही रामपुर के विकास कार्यों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नजर रही है। इसके साथ ही देश में नजीर बन चुकी कानून व्यवस्था का माडल तो रहेगा ही।

दरअसल, लोकसभा और विधानसभा की जो सीटें और जो क्षेत्र विपक्ष के गढ़ रहे हैं, उनको भेदने के लिए भाजपा दीर्घकालिक रणनीति पर लगातार काम करती है। इसके अब तक के नतीजे भी बेहतर रहे हैं। मसलन कुछ महीने पहले हुए लोकसभा के चुनावों में भाजपा ने समाजवादी पार्टी का गढ़ माने जाने वाले आजमगढ़ और रामपुर की सीटें सपा से छीन ली थी।

आजमगढ़ में भोजपुरी गायक व कलाकार दिनेश लाल निरहुआ को जीत मिली थी। यहां मुलायम सिंह के भतीजे धर्मेंद्र यादव बहुजन समाज पार्टी के गुड्डू जमाली से भी पीछे रहे थे। आजमगढ़ को सपा का गढ़ माना जाता रहा है। इस सीट का प्रतिनिधित्व स्वर्गीय मुलायम सिंह एवं उनके पुत्र अखिलेश यादव भी कर चुके हैं। इसी तरह रामपुर की लोकसभा सीट से भाजपा के घनश्याम सिंह लोधी ने सपा के आसिम राजा को हराया था।

रामपुर में करीब दो दशकों से सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां विधायक रहे हैं। यहां उपचुनाव भी उनके अयोग्य होने पर ही हो रहा है। आजमगढ़ पर परचम लहराकर भाजपा ने साबित कर दिया था कि कोई भी सीट उसके लिए अभेद्य नहीं है। रामपुर और आजमगढ़ की लोकसभा सीटों को जीतने के बाद ही आगामी चुनावों के लिए भाजपा इन सीटों को अपने लिए अभेद्य बनाने की रणनीति पर जुट गई थी।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में शानदार जीत के बाद लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने का रिकॉर्ड बनाने वाले योगी आदित्यनाथ ने सरकार के 100 दिन पूरे होने पर जो समीक्षा बैठक की थी उसमें शासन के शीर्ष अधिकारियों से कहा था कि रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव में जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों में अभूतपूर्व विश्वास जताया है। हमें इस विश्वास और उनके भरोसे पर खरा उतरना होगा।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने उस समीक्षा बैठक मे अधिकारियों से कहा था कि सभी विभाग इन रामपुर और आजमगढ़ जनपदों से संबंधित विकास परियोजनाओं की समीक्षा कर लें, कोई भी प्रस्ताव लंबित न रहे। मुख्यमंत्री कार्यालय भी इन क्षेत्रों में संचालित और लंबित विकास परियोजनाओं की समीक्षा करेगा।

सीएम योगी ने यह भी कहा था कि आजमगढ़ का हरिहरपुर संगीत साधकों की पुरातन स्थली है। संगीत जगत के लब्ध प्रतिष्ठ लोगों से परामर्श कर उनकी मंशानुरूप यहां कला-संगीत साधकों के हित में आवश्यक प्रस्ताव तैयार किया जाए। बिलासपुर (रामपुर) चीनी मिल का सुदृढ़ीकरण का कार्य यथाशीघ्र किया जाए। आजमगढ़ के दौरे के दौरान भी उन्होंने हरिहरपुर का खास तौर से जिक्र किया था।