Breaking News

CM योगी की पहल : दोपहर 11ः30 बजे से होगा रामजन्मभूमि से जन्मोत्सव का सजीव प्रसारण

संजीव श्रीवास्तव
अयोध्या, । भगवान राम की नगरी अयोध्या के विकास तथा भव्य राम मंदिर के निर्माण को लेकर बेहद समर्पित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बड़ी पहल रंग लाई है। रामनवमी पर पहली बार अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि से राम जन्मोत्सव का दूरदर्शन पर सजीव प्रसारण किया जाएगा। प्रसारण दोपहर 11:30 बजे से होगा। जिसका दूरदर्शन से ही लिंक मिलने पर अन्य चैनल भी प्रसारण करेंगे।

अयोध्या में 25 मार्च 2020 को श्रीराम लला को टेंट से मानस मंदिर में स्थापित करने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस बार श्रीराम का जन्मोत्सव बेहद भव्य तरीके से मनाने की योजना तैयार की थी। कोरोना संक्रमण के कारण बीते दो वर्ष से श्रीराम का जन्मोत्सव कार्यक्रम बेहद सादगी से किया जा रहा था। पहली बार श्रीराम जन्मभूमि से राम जन्मोत्सव का दूरदर्शन पर सजीव प्रसारण किया जाएगा। कनक भवन मंदिर में श्रीराम जन्मोत्सव कार्यक्रम का 25वीं बार सजीव प्रसारण होगा। दूरदर्शन की पूरी टीम इस सजीव प्रसारण को लेकर बेहद मुस्तैद है। इस दौरान यहां पर आकाशवाणी की टीम सजीव कमेंट्री भी करेगी।

अयोध्या में पांच अगस्त 2020 को भव्य राम मंदिर निर्माण के शिलान्यास के बाद रविवार को पहली बार अयोध्या में रामनवमी का त्यौहार भव्यता से मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 मार्च 2020 को श्रीराम लला को टेंट से बाहर लाकर मानस मंदिर प्रांगण में फाईवर के मंदिर में विराजमान किया था। उसके बाद से ही रामनवमी के त्यौहार को भव्यता से मनाने का निर्णय लिया गया है।

श्रीरामजन्मभूमि के जन्मोत्सव कार्यक्रम का इस बार दूरदर्शन केन्द्र नई दिल्ली एवं लखनऊ से सजीव प्रसारण दिन में 11:30 बजे से होगा। इसमें आकाशवाणी को भी आवश्यक कमेंट्री करने के लिए लगाया गया है। श्रीरामजन्मभूमि के जन्मोत्सव कार्यक्रम सजीव प्रसारण का कार्यक्रम एक बजे तक चलेगा। दूरदर्शन इसका अलग से लिंक भी उपलब्ध कराएगा। जिससे कि इस कार्यक्रम का सभी चैनल प्रसारित करेंगे। इसके कवरेज के लिए दूरदर्शन एवं आकाशवाणी ने दो स्थान चिन्हित किये हैं। इनका पहला स्थान श्रीराम जन्मभूमि मंदिर स्थल, दूसरा स्थान कनक भवन स्थल है।

अयोध्या के मंडलायुक्त नवदीप रिणवा, पुलिस महानिरीक्षक कवींद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी नितीश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय ने अयोध्या में लगने वाले रामनवमी के मेला को लेकर अपनी तैयारी पुख्ता की है। इन सभी अधिकारियों ने मेला क्षेत्र एवं दोनों मंदिर परिसरों का भ्रमण कर स्थानीय अधिकारियों, दूरदर्शन व आकाशवाणी की टीम को जरूरी निर्देश दिए। दूरदर्शन का सजीव प्रसारण के लिए ङ्क्षलक भी उपलब्ध कराया गया है। श्रीराम जन्मभूमि परिसर को छोड़ कर अन्य स्थानों पर कोई भी मीडिया प्रतिनिधि अपने परिचय पत्र/मान्यता कार्ड के आधार पर कवरेज कर सकता है। आकाशवाणी एवं दूरदर्शन के प्रतिनिधियों को सजीव प्रसारण के लिए सीमित मात्रा में सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखकर श्रीराम जन्मभूमि परिसर के लिए पास जारी किया गया है।