Breaking News

आजमगढ़: समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव की प्रशासनिक अधिकारियों से तीखी नोकझोंक, ईवीएम बदलने का आरोप

आजमगढ़ आजमगढ़ लोकसभा सीट पर उपचुनाव को लेकर आज मतगणना हो रही है। सुबह आठ बजे से यहां मतगणना जारी है। सुबह से ही यहां मतगणना को लेकर गहमागहमी हो रही है। वहीं, यहां से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव की प्रशासनिक अधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सपा प्रत्याशी धर्मेंद्र यादव ने आरोप लगाया है कि उन्हें मतगणना स्थल से अंदर जाने पर रोक दिया। इस पर पुलिस अधिकारी और सपा प्रत्याशी के बीच काफी देर तक बहस होती रही। धर्मेंद्र यादव ने प्रशासन पर ईवीएम बदलने के गंभीर आरोप भी लगाए।

बताया जा रहा है कि सपा उम्मीदवार धर्मेंद्र यादव स्ट्रांग रूम के अंदर जा रहे थे, इस पर वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें एंट्री करने से रोक दिया पुलिसकर्मियों का कहना था कि स्ट्रांग रूम में जाने के लिए जिलाधिकारी से परमिशन लेनी पड़ेगी।

इससे धर्मेंद्र यादव खफा हो गए। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि स्ट्रांग रूम में ईवीएम बदलने का खेल किया जा रहा है।हालांकि करीब 25 मिनट बाद प्रशासन ने धर्मेंद्र यादव को अंदर जाने दिया।