Breaking News

कानपुर हादसे के बाद सीएम योगी के निर्देश, कहा-ट्रैक्टर ट्राली का इस्तेमाल सिर्फ कृषि कार्यों के लिए ही किया जाए

कानपुर कानपुर में साढ़-भीतरगांव मार्ग पर शनिवार शाम भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्रामीणों से भरी ट्र्रैक्टर-ट्रॉली पानी भरी खंती में जा गिरी। हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई। तीन घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद खंती से सभी को बाहर निकाला जा सका। घटना देख और सुनकर सभी के रोंगटे खड़े हो गए।

ट्रैक्टर पर करीब 50 लोग सवार थे और इस लापरवाही को लेकर सवाल उठने शुरू हो गए हैं। इस हादसे को लेकर अब सीएम योगी आदित्यनाथ ने खुद ट्वीट कर अपील की है कि ट्रैक्टर का इस्तेमाल सवारियों की ढुलाई के लिए नहीं किया जाए।

सीएम योगी बोले-कृषि कार्य के लिए करें ट्रैक्टर का इस्तेमाल
सीएम योगी ने लोगों से अपील करते हुए एक ट्वीट किया है कि प्रिय प्रदेशवासियों, मेरी अपील है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली का उपयोग सिर्फ कृषि कार्यों और माल ढुलाई के लिए ही करें। इससे सवारियों की ढुलाई कदापि न करें। जीवन अमूल्य है, कृपया लापरवाही न बरतें।
बता दें कि भीतरगांव के कोरथा गांव निवासी राजू केवट के बेटे का शनिवार को मुंडन संस्कार था। मुंडन में शामिल होने के लिए करीब 50 ग्रामीण ट्रैक्टर ट्रॉली से फतेहपुर गए थे। शाम को वह वापस गांव लौट रहे थे। गांव से करीब चार किमी पहले साढ़-भीतरगांव मार्ग पर ट्रैक्टर – ट्रॉली अनियंत्रित हुआ और सड़क किनारे खंती में जाकर गिर गया।
इसमें कई फीट तक पानी भरा था। ट्रॉली में सवार महिलाएं, बच्चे और किशोरियां नीचे दब गईं। हादसा देख आसपास के लोग पहुंचे। पुलिस व प्रशासन की टीम भी कुछ देर बाद पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाल सकी। हादसे में 26 लोगों की जान चली गई।

पानी में खोजी गईं थीं लाशें
हादसे के बाद सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। करीब दस थानों का फोर्स भी पहुंचा। तमाम लोग राहत बचाव कार्य में जुट गए। किसी तरह से ट्रॉली हटाकर शव को पानी से निकाला गया। लोग कई घंटे तक लाशें खोजते रहे।

8 बच्चे, 5 किशोरियां, 13 महिलाएं
अब तक 26 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। जिसमें 8 बच्चे, पांच किशोरियां व 13 महिलाएं शामिल हैं। मृतक महिलाओं में दो वृद्धा भी हैं।
इस वजह से हुआ हादसा
पुलिस की जांच में सामने आया कि गांव निवासी प्रहलाद का ट्रैक्टर था। वापस आते समय खुद राजू ट्रैक्टर चला रहा था। राजू समेत अन्य सभी युवकों ने शराब पी रखी थी। राजू लहराते हुए तेज रफ्तार में ट्रैक्टर दौड़ा रहा था। अचानक से ट्रैक्टर अनियंत्रित हुआ तो वह काबू नहीं कर सका। करीब तीस मीटर दूर जाकर अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्रॉली खंती में जा गिरी।