Saturday , April 19 2025
Breaking News

पश्चिम बंगाल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोषविवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं, 60 वर्षीय घोष पार्टी सहयोगी रिंकू मजूमदार से विवाह करेंगे

कोलकाता पश्चिम बंगाल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष शुक्रवार शाम को विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। 60 वर्षीय घोष पार्टी सहयोगी रिंकू मजूमदार से विवाह करेंगे। दोनों एक-दूसरे को 2021 से जानते हैं। उनके करीबी लोगों के हवाले से यह खबर सामने आई है।

पश्चिम बंगाल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष 60 साल की उम्र में शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। वे अपनी भाजपा की सहयोगी रिंकू मजूमदार से शादी करने जा रहे हैं। शादी आज यानी 18 अप्रैल को कोलकाता में उनके आवास पर होने की खबर है। 60 वर्षीय भाजपा नेता अब तक अविवाहित हैं। सूत्रों के मुताबिक, कुणाल घोष और देबांगशु भट्टाचार्य सहित कई तृणमूल नेताओं ने इस अवसर पर भाजपा नेता को बधाई दी।

शादी का प्रस्ताव दुल्हन पक्ष की ओर से दिया गया था
दिलीप घोष के करीबी लोगों के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया कि दोनों की मुलाकात सुबह की सैर के दौरान हुई और समय के साथ उनका रिश्ता मजबूत होता गया। न्यू टाउन में एक निजी समारोह में दोनों की शादी होगी, जिसमें करीबी रिश्तेदार भी शामिल होंगे। कहा यह भी जा रहा है कि शादी का प्रस्ताव दुल्हन पक्ष की ओर से दिया गया था। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार समेत वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने सुबह घोष के न्यू टाउन स्थित आवास पर जाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उनके करीबी एक भाजपा नेता ने बताया कि इस महीने की शुरुआत में आईपीएल मैच के दौरान दिलीप घोष और उनकी होने वाली पत्नी शामिल हुए थे। अब उन्होंने शादी करने का फैसला किया।

‘मां चाहती थीं कि मैं शादी कर लूं’
इससे पहले दिलीप घोष ने एक समाचार चैनल से कहा है कि मेरी मां चाहती थीं कि मैं शादी कर लूं, इसलिए उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए मैं विवाह बंधन में बंध रहा हूं। मैं पहले की तरह सक्रिय राजनीति में बना रहूंगा। मेरे निजी जीवन का मेरे राजनीतिक कार्यों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

दुल्हन कौन है?
रिपोर्ट के मुताबिक, दुल्हन का नाम रिंकू मजूमदार है। रिंकू लंबे समय से भाजपा कार्यकर्ता हैं। उन्होंने पार्टी की महिला शाखा, ओबीसी मोर्चा, हथकरघा प्रकोष्ठ और कई अन्य महत्वपूर्ण भूमिकाओं की जिम्मेदारी संभाली है। मजूमदार की यह दूसरी शादी है और उनका एक बेटा भी है।