पटना आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के तेवर इस बार अलग हैं। सात अप्रैल को सांसद राहुल गांधी बिहार आए थे। 11 अप्रैल को पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट आए थे। आज राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बक्सर में जनसभा को संबोधित किया।
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज एक दिवसीय बिहार दौरे पर पहुंचे। उन्होंने बक्सर में जनता को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि मैं बिहार के उन सभी लोगों को नमन करता हूं जिनके विचार आज देश-दुनिया में याद किए जाते हैं। महात्मा गांधी ने सत्याग्रह आंदोलन भी बिहार के चंपारण से शुरू किया था। यह आंदोलन आजादी की लड़ाई से जुड़ा था। अब हम ‘जय बापू, जय भीम और जय संविधान रैली’ को लेकर इस महान धरती पर आए हैं और जो कि हमारा सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि मैं अपने आप को भाग्यशाली मानता हूं कि आज गंगा जी के तट पर बसे इस क्षेत्र में आने का अवसर मिला, जो संविधान सभा के प्रोटेम अध्यक्ष सच्चिदानंद सिन्हा जी की भूमि भी है। बिहार की धरती पर महात्मा बुद्ध जी ने तपस्या कर ज्ञान पाया और आज सारी दुनिया बुद्ध जी के शांति संदेश को मानती है। गुरु गोविंद सिंह जी भी इसी धरती पर जन्मे और कई अन्य महापुरुष, समाज सुधारक भी बिहार की धरती से निकले। यहां से कई राजनेता भी आए, जिन्होंने देश के लिए अपना योगदान दिया।
सात अप्रैल को बिहार आए थे राहुल गांधी
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के तेवर इस बार अलग ही लग रहे हैं। सात अप्रैल को राहुल गांधी बिहार आए थे। बेगूसराय में पदयात्रा के बाद वह पटना में एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। राहुल गांधी ने बिहार में कांग्रेस पार्टी की भूमिका बताते हुए कहा था कि गरीब, कमजोर, ईबीसी, ओबीसी, दलित और सामान्य लोगों को जोड़कर इज्जत देकर आगे बढ़ाना ही कांग्रेस पार्टी का काम है।