Monday , March 17 2025
Breaking News

सहारनपुर में बोले सीएम योग, भाजपा की सरकार में लोग सुरक्षित हैं और माफिया खतरे में हैं

सहारनपुर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को सहारनपुर में आयोजित ऋण वितरण कार्यक्रम में पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार में लोग सुरक्षित हैं और माफिया खतरे में हैं।

सहारनपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकार ने प्रदेश में वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया दिया था, लेकिन हमने इसका उल्टा कर दिया। भाजपा ने वन डिस्ट्रिक्ट-वन उत्पाद दिया है। आज उद्यमी और बेटियां सुरक्षित हैं। युवाओं को रोजगार दिया गया है। भाजपा की सरकार में अगर कोई असुरक्षित है, तो वह माफिया है, जिन्हें रसातल तक पहुंचाया गया है। अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि जब प्रदेश का मुखिया 12 बजे सोकर उठेगा और उसके बाद नहाना-धोना और मित्र मंडली से मुलाकात होगी तो विकास कहां से होता। सोमवार को मुख्यमंत्री जनमंच सभागार में युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत श्रण वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने काष्ठकला और हस्तशिल्प कारीगरों को वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल किया है, लेकिन भाजपा ने इन्हें आगे बढ़ाने का काम किया। काष्ठकला में आज सहारनपुर की वैश्विक स्तर पर पहचान हो चुकी है। यहां की प्रतिभा को उभारने की जरूरत है।

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा परिणाम को लेकर कहा कि अब किसी एक गांव से भर्ती नहीं होते, बल्कि हर जिले से प्रतिभाशाली भर्ती होते हैं। 1947 से 2017 तक जहां यूपी में केवल 10 हजार महिला पुलिसकर्मी थीं, वहीं हमने हाल ही में हुई 60244 की भर्ती में करीब 12 हजार महिला पुलिसकर्मियों को भर्ती किया है। अब भाई-भतीजावाद नहीं चलता।

कुंभ को लेकर भी सपा पर तंज कसा। कहा कि जो लोग कुंभ की व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहे थे, वह खुद भी संगम में डुबकी लगाने के लिए पहुंचे। कुंभ में 45 दिनों में 66 करोड़ लोग पहुंचे। एक स्थान पर इतने अधिक श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्थाएं करना किसी अन्य के बस में नहीं है, यही यूपी की पहचान है।