अयोध्या सपा की हार के बाद सांसद अवधेश प्रसाद का दर्द छलका। उन्होंने कहा कि मिल्कीपुर में वोटों की चोरी करके लोकतंत्र की हत्या हुई। चुनाव आयोग भी बेबस दिखा।
उत्तर प्रदेश में अयोध्या की मिल्कीपुर सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने बड़े अंतर से जीत हासिल की। भाजपा के चंद्रभानु पासवान ने सपा के अजीत प्रसाद को मात देकर मिल्कीपुर का ताज अपने नाम किया। सपा की हार के बाद फैजाबाद से सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मिल्कीपुर में मतदान में गड़बड़ की गई है। सपा सांसद ने कहा कि यदि मिल्कीपुर में स्वतंत्र रूप से मतदान होता तो यहां इतिहास बन जाता।
भाजपा के जनादेश को चश्मे से देखना पड़ता है। सपा उम्मीदवार अजीत प्रसाद लाखों वोटों से जीतते। लेकिन मिल्कीपुर में वोटों की जो चोरी हुई, वह लोकतंत्र की हत्या है। इसके बाद भी चुनाव आयोग बेबस दिखा। मैंने अपने 50 साल के राजनीतिक जीवन में ऐसा पहली बार देखा है।