Breaking News

भारत में एक दिन में कोविद-19 के 1,272 नए मामले, 3 मरीजों की मौत

 भारत में एक दिन में covid-19 के 1,272 नए मामले पाए गए और उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 15,515 रह गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार सुबह 8 बजे तक जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में covid-19 के मामलों की संख्या 4.49 करोड़ (4,49,80,674) हो गई है। संक्रमण से तीन और मरीजों के जान गंवाने से मृतकों की संख्या 5,31,770 पर पहुंच गई है। इनमें से दो लोगों की मौत पंजाब में और एक व्यक्ति की मौत पश्चिम बंगाल में हुई।

 

आंकड़ों के अनुसार, भारत में अभी कोरोना वायरस का उपचार करा रहे मरीजों की संख्या 15,515 है जो संक्रमण के कुल मामलों का 0.03 प्रतिशत है। covid-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर 98.78 फीसदी दर्ज की गई है। इस बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,44,33,389 हो गयी है जबकि मृत्यु दर 1.18 प्रतिशत है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत 220.66 करोड़ खुराक से अधिक दी गयी हैं।