बैंकॉक। 26 दिसंबर 2004 में आई सुनामी को 12 साल बीत गए हैं लेकिन आज भी थाइलैंड में 400 लाशें ऐसी पड़ी हैं जिनकी पहचान नहीं हो पाई है। सुनामी की वजह से 2 लाख 26 हजार लोगों की जान गई थी।
9.15 तीव्रता वाले भूकंप की वजह से हिंद महासागर में सुनामी आ गई थी। इसे इतिहास की सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदाओं में से एक माना जाता है। इस सुनामी से इंडोनेशिया, भारत और श्रीलंका सबसे ज्यादा प्रभावित हुए थे। थाइलैंड में 5 हजार 395 लोग मारे गए थे जिनमें से 2 हजार विदेशी टूरिस्ट्स थे।
थाइलैंड के पुलिस अफसर आनंद ने रॉयटर्स को बताया, ‘साल 2004 से लेकर अब तक प्रशासन ने 4 से 5 हजार रिश्तेदारों से संपर्क कर कहा है कि वह आकर अपने परिजनों की बॉडी ले जाएं। अब भी 400 लाशें ऐसी हैं जिनकी हम पहचान नहीं कर पाए हैं।’
जिस वक्त सुनामी आई थी उस समय थाइलैंड में टूरिस्ट सीजन जोरों पर था। अगले साल थाइलैंड में रेकॉर्ड 3 करोड़ 34 लाख टूरिस्ट्स के पहुंचने की संभावना है।