Breaking News

हम बादलों से डरने वाले नहीं हैं , रोज आएगी 2-3 सीडी, हम तो खूंटा गाड़कर यही बैठेंगे

arvind-kejriwal_failलुधियाना। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को दिल्ली में तो विरोध का सामना करना ही पड़ा लेकिन अब उन्हें पंजाब के लुधियाना में भी लोगों की नाराज़गी का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल लुधियाना रेलवे स्टेशन पहुंचने पर मुख्यमंत्री केजरीवाल के विरूद्ध अकाली दल और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस और अकालीदल के नेता उन्हें वापस जाने की बात नारों के माध्यम से बता रहे थे।

विरोध करते हुए केजरीवाल वापस जाओ और गो बैक के नारे लगे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी पंजाब में विरोध करने वालों पर पलटवार किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विरोध तो होता रहेगा, लेकिन वे यहीं पर खूंटा गाड़कर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि मुझे यह जानकारी मिली है कि सुखबीर बादल के पास हमारे खिलाफ 63 फर्जी सीडी मौजूद है, वे रोज 2-3 जारी करेंगे। हम बादलों से डरने वाले नहीं हैं बल्कि उन्हें जेल भेजेंगे।

गौरतलब है कि लुधियान पहुंचने के लिए जब केजरीवाल नई दिल्ली स्टेशन पहुंचे थे तो वहां भी भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया। केजरीवाल को चूड़ियां तक दिखाई गईं थी। दिल्ली पुलिस के जवान काफी प्रयास करने के बाद मुख्यमंत्री केजरीवाल को ट्रेन के अंदर पहुंचाने में सफल हो गए थे। हालांकि इस मामले में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने ट्विट करते हुए लिखा है कि भाजपा और दिल्ली पुलिस दोनों ही केजरीवाल को घेरने की कोशिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के साथ पुलिस की उपस्थिति में ही धक्का – मुक्की हुई। मगर इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।