Breaking News

सोनाक्षी सिन्हा, मलाइका अरोड़ा की अगवानी करने पर नेपाली सेना विवादों में घिरी

Sonakshi-And-Malaikaकाठमांडू। नेपाल की सेना बॉलिवुड की ऐक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा और मलाइका अरोड़ा की अगवानी करने पर विवादों में घिर गई है। भारत के पड़ोसी देश में सेना के ऐसे इस्तेमाल को लेकर विवाद रविवार को शुरू हुआ, जब स्थानीय मीडिया में इस बारे में खबरें छपीं।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक शीर्ष सैन्य अधिकारियों ने वर्दी में हवाईअड्डे पर सोनाक्षी सिन्हा और मलाइका अरोड़ा की अगवानी की थी। इस बारे में सेना और सरकार दोनों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

बॉलिवुड की दोनों ऐक्ट्रेस ‘नेपाल आर्मी वाइव्स असोसिएशन’ द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने आई हुई थीं। यह कार्यक्रम नेपाल में पिछले साल आए विनाशकारी भूकंप के पीड़ितों के कल्याण के लिए आयोजित किया गया था। इस संस्था की प्रमुख नेपाल के सेना प्रमुख जनरल राजेंद्र छेत्री की पत्नी हैं।
कांतिपुर डेली में रविवार को प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, जनरल समीर शाई सोनाक्षी की अगवानी के लिए शुक्रवार को त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे पर मौजूद थे, जबकि अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने मलाइका अरोड़ा की अगवानी की थी। अखबार ने इसे सेना का मनोबल गिराने वाला और प्रतिष्ठा घटाने वाला कृत्य बताया है।

इस रिपोर्ट के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय की एक शाखा, ‘हेलो सरकार’ में कई शिकायतें दर्ज कराई गईं। यह शाखा सेना के दुरुपयोग को लेकर लोक शिकायतों को देखती है। ‘हेलो सरकार’ में एक अधीनस्थ सचिव प्रधिन्ना उपाध्याय ने मीडिया से कहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय ने रक्षा मंत्रालय से स्पष्टीकरण मांगा है। रक्षा सचिव महेश दहाल ने कहा कि इस घटना की जांच कराई जाएगी।

नेपाली फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार राजेश हमाल ने कहा कि वह इस घटना से स्तब्ध हैं। हमाल ने अपने FB पेज पर एक पोस्ट में लिखा, ‘नेपाली सेना राष्ट्र का गौरव है… लेकिन जब मैंने आज की खबर पढ़ी तो एक नागरिक के नाते मेरा गौरव टूट गया… इस देश के एक विनम्र कलाकार के नाते मैं अपमानित महसूस कर रहा हूं…यदि उन्हें विदेशी कलाकारों की अगवानी करनी ही थी, तो उन्हें सादी वर्दी में ऐसा करना चाहिए था।’ सोनाक्षी शुक्रवार दोपहर में काठमांडू पहुंची थीं। उन्होंने शनिवार को तुंडीखेल में संपन्न हुए आमरापंक्षी नामक एक कार्यक्रम में प्रस्तुति दी थी।