Breaking News

सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा- मंत्री पर रेप का आरोप कोई बड़ी बात नहीं

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) में मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति रेप के आरोपी हैं और फरार चल रहे हैं। वहीं, सपा सांसद धर्मेंद्र यादव गायत्री प्रजापति का बचाव करते दिखे। धर्मेंद्र यादव ने कहा है ‘मंत्री पर रेप का आरोप कोई बड़ी बात नहीं है। मोदी सरकार में भी ऐसे कई मंत्री हैं जिनके खिलाफ रेप का केस दर्ज है।’

धर्मेंद्र यादव ने पूर्वांचल में एक जनसभा के दौरान लोगों को संबोधित करते वक्‍त दिया। धर्मेंद्र यादव ने कहा पीएम मोदी को अपने मंत्री निहाल चंद मेघवाल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई चाहिए। धर्मेंद्र के मुताबिक, निहाल चंद मेघवाल के खिलाफ रेप का केस दर्ज है। इसके वावजूद भी पीएम मोदी सिर्फ ‘गायत्री’ मंत्र जप रहे हैं। मोदी के पास प्रजापति के अलावा कोई दूसरा मुद्दा नहीं बचा है। यूपी के राज्यपाल राम नाइक ने गायत्री प्रजापति को अखिलेश सरकार में बनाए रखने पर सवाल उठाए हैं। इस सिलसिले में उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को एक पत्र भी लिखा है।

गायत्री प्रजापति एक रेप केस में आरोपी है और फिलहाल फरार हैं और उनके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी है और पासपोर्ट जब्त कर लिया गया है। इस बीच पीड़ित परिवार ने पुलिस पर दबाव बनाने और परेशान करने के आरोप लगाए हैं।