Breaking News

विनय कटियार के विवादित बोल, कहा- हमारे पास प्रियंका से ज्यादा सुंदर कई महिला स्टार प्रचारक

नई दिल्ली। चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी पर निशाना साधने के चक्कर में अब नेताओं की जुबान फिसलने लगी है। अपने विवादित बयानों के लिए जाने जाने वाले बीजेपी के फायरब्रैंड नेता विनय कटियार ने बुधवार को प्रियंका गांधी की तुलना फिल्मी हिरोइन से करते हुए कहा कि उनसे ज्यादा खूबसूरत कई महिलाएं चुनाव में बीजेपी की स्टार प्रचारक हैं। प्रियंका गांधी का नाम इस बार यूपी चुनाव के लिए कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में शुमार है। उसी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कटियार ने यह विवादित बयान दिया।

‘कट्टर हिंदुत्व’ वाली छवि के लिए मशहूर कटियार से जब पूछा गया कि प्रियंका गांधी के कांग्रेस का स्टार प्रचारक होने से क्या बीजेपी को कोई फर्क पड़ेगा, उन्होंने कहा, ‘नहीं…उस पर क्या फर्क पड़ता है…उनसे ज्यादा तो बहुत सी सुंदर महिलाएं, लड़कियां हैं जो स्टार कैंपेनर हैं…हिरोइन हैं, कई कलाकार हैं…वे ज्यादा हैं, उनसे ज्यादा…।’ हालांकि बाद में एक न्यूज चैनल से बातचीत में कटियार अपने बयान पर सफाई पेश करते नजर आए। उन्होंने कहा, ‘अगर कोई सुंदर है तो यह खराब बात नहीं है। मैंने कहा था कि हमारे पास भी स्मृति इरानी जैसी सुंदर नेता हैं।’

इसके पहले भी कटियार कई विवादित बयान देते रहे हैं। बाबरी विध्वंस, राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक और मुस्लिमों से जुड़े कई मुद्दों पर उनके विवादित बयान सामने आते रहे हैं। जाहिर है कि चुनावी मौसम में प्रियंका गांधी पर उनका यह ताजा विवादित बयान तूल पकड़ेगा। इसके पहले बुधवार को ही जेडीयू नेता शरद यादव का भी बेटियों को लेकर एक शर्मनाक बयान सामने आया है, जिसे लेकर उन्हें सफाई भी देनी पड़ी है।

: BJP MP Vinay Katiyar’s remark on Priyanka Gandhi, says “unse jyada bohut si sundar mahilayen hai jo star campaigner hain”