Breaking News

रिपोर्टिंग से तिलिमिलाए विजय माल्या ने मीडिया पर निकाली भड़ास

Ex-Billionaireलंदन। बैंकों के कर्ज चुकाने में बुरी तरह से घिरे लिकर किंग (शराब बिजनमैन) विजय माल्या भारत में हो रही मीडिया रिपोर्टिंग पर तिलमिला गए हैं। वह फिलहाल भारत छोड़ लंदन पहुंच गए हैं। माल्या मीडिया रिपोर्टिंग से इस कदर तिलमिला गए हैं कि उन्होंने टाइम्स नाउ का नाम लेते हुए संपादक पर निशाना साधा है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, ‘सनसनीखेज झूठ फैलाने, बदनाम करने, छल करने और कलंकित करने के लिए अब टाइम्स नाउ के संपादक को जेल के कपड़ों और भोजन की जरूरत है।’

भारतीय मीडिया में विजय माल्या चर्चा के केंद्र में हैं। संसद में भी विजय माल्या का मुद्दा गरमाया है। माल्या राज्यसभा सांसद भी हैं। गुरुवार को समाजवादी पार्टी ने माल्या की सांसदी राज्यसभा उपाध्यक्ष से खत्म करने की मांग की थी। उपाध्यक्ष ने इसे लेकर आश्वासन भी दिया था। हाल ही में 17 बैंकों ने सुप्रीम कोर्ट में विजय माल्या को विदेश जाने से रोकने के लिए याचिका दायर की थी लेकिन बाद में सरकार ने कोर्ट में जवाब दिया कि माल्या ने दो मार्च को ही देश छोड़ दिया था। ऐसे में माल्या भारतीय मीडिया की सुर्खियों में बने हुए हैं।

माल्या को भारतीय मीडिया में हो रही रिपोर्टिंग रास नहीं आ रही है। उन्होंने इसे लेकर कई ट्वीट किए हैं। माल्या ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘मीडिया मालिकों को मेरी मदद नहीं भूलनी चाहिए। मैं उनकी मदद और इंतजाम वर्षों से करता रहा हूं। मेरे पास इसके सबूत हैं लेकिन अब टीआरपी के लिए झूठ फैलाए जा रहे हैं।’

अगले ट्वीट में माल्या ने मीडिया पर निशाना साधते हुए कहा है, ‘न्यूज रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि मुझे अपनी संपत्ति की घोषणा करनी चाहिए। इसका मतलब यह हुआ कि बैंकों को मेरी संपत्ति के बारे में पता नहीं है। इन्होंने संसदीय घोषणा में मेरी संपत्ति को नहीं देखा?’ एक बार मीडिया जब किसी के पीछे हाथ धोकर पड़ जाता है तो वह तथ्य और सच्चाई को भी राख में मिला देता है।’