Breaking News

मोदी के डिजिटल इंडिया की रफ्तार नहीं पकड़ पा रही BMC

twitterमुंबई। सोशल मीडिया के जमाने में एक तरफ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, रेल मंत्री सुरेश प्रभु समेत तमाम महत्वपूर्ण पदों पर आसीन लोग ट्विटर के जरिए आम लोगों से सीधे जुड़ रहे हैं, वहीं देश की सबसे अमीर महानगरपालिका में शुमार बीएमसी अपने ट्विटर हैंडल को भी ठीक ढंग से नहीं चला पा रही है।

मुंबईकरों की जिंदगी को सर्वाधिक प्रभावित करने वाली महानगरपालिका शायद अभी भी सोशल मीडिया के इस माध्यम को नजरअंदाज कर रही है।

@MCGM_BMC हैंडल
बीएमसी के ट्विटर हैंडल पर मौसम की जानकारी देते हुए आखिरी ट्वीट 15 अक्टूबर का दिख रहा है। फॉलोअर्स 1,321 हैं, वहीं बीएमसी केवल मुख्यमंत्री कार्यालय को ही फॉलो करता है। 24 जुलाई के पहले ट्वीट से लेकर कुल 1,107 ट्वीट बीएमसी द्वारा किए गए हैं।

केंद्र द्वारा डिजिटल इंडिया अभियान के दौरान बीएमसी का यह सुस्त रवैया वाकई में चौंकाने वाला है। हालांकि इस दौरान ‘मेक इन इंडिया वीक’ और ‘बीएमसी बजट’ जैसी कई बड़ी हलचलें भी रहीं।

सामाजिक कार्यकर्ता गौरांग दमानी कहती हैं, ‘कई प्रमुख लोग ट्विटर के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुलझा रहे हैं। शायद बीएमसी अधिकारियों को ट्विटर पर ज्यादा सक्रिय होने पर उनकी लीपापोती की पोल खुलने का डर होगा।’
हालांकि बीएमसी कमिश्नर अजय मेहता का कहना है, ‘हम जल्द से जल्द पूरा एक सिस्टम बनाना चाह रहे हैं। जिससे लोगों से संवाद स्थापित किया जा सके और उनकी शिकायतें संबंधित विभाग तक पहुंचाकर समस्याएं हल हो सकें। हम ट्विटर को लोगों से जुड़ने के लिए माध्यम बनाने का प्रयास कर रहे हैं।’
मुंबई पुलिस है तेज
28 दिसंबर को मुंबई पुलिस अपने पहले ट्वीट के बाद से ही ट्विटर पर काफी सक्रिय है। @MumbaiPolice हैंडल से 2,094 ट्वीट हो चुके हैं। 52,000 से ज्यादा फॉलोअर्स के साथ वह बीएमसी को काफी पीछे छोड़ चुकी है। वहीं मुंबई पुलिस 18 चुनिंदा लोगों को फॉलो करती है।


वहीं मुख्यमंत्री कार्यालय भी @CMOMaharashtra के नाम से लगातार ट्विटर पर सक्रिय है। कई बड़े फैसले भी इसके माध्यम से जारी किए जाते हैं। 83,000 से ज्यादा फॉलोअर्स और 21 लोगों को इस हैंडल से फॉलो किया जाता है।

वहीं, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस @Dev_Fadnavis हैंडल से भी काफी ऐक्टिव रहते हैं। 7,51,000 फॉलोअर्स और 18 लोगों को इससे फॉलो किया जाता है।