लखनऊ। मोदी सरकार में.केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की बहन पल्लवी पटेल सहित 6 लोगों के खिलाफ लखनऊ के गोमतीनगर में केस दर्ज हुआ है। इनमें अनुप्रिया पटेल के जीजा यानी छोटी बहन पल्लवी के पति पंकज सिंह का नाम भी शामिल हैं। इन सभी पर कोर्ट के आदेश के बाद जालसाजी सहित आईपीसी की अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही पीड़ित ने आरोप लगाया है कि पल्लवी पटेल और पंकज सिंह ने उसे कुख्यात अपराधी ददुआ के लोगों के हाथों मरवाने की धमकी भी दी।
फ्लैट पर कब्जे को लेकर विवाद फतेहपुर निवासी पंकज त्रिपाठी की शिकायत के मुताबिक उन्होंने साल 2013 में विवेक खंड स्थित मंगलम अपार्टमेंट में एक फ्लैट खरीदा था। इसके बाद उन्होंने अपने परिचित पंकज सिंह को कुछ दिनों के लिए फ्लैट में एक कमरा किराए पर दे दिया। लेकिन जब उन्होंने कुछ समय बाद उसे कमरा खाली करने के लिए कहा तो पति-पत्नी ने मिलकर उन्हें धमकाया। साथ ही ददुआ के लोगों से मरवाने की धमकी भी दी। वहीं आरोप लगाया कि पल्लवी ने खुद को केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की बहन बताते हुए फ्लैट भूल जाने के लिए कहा।
इस पर उन्होंने पुलिस में शिकायत करने की सोची। लेकिन दूसरे पक्ष ने पहले ही उनके खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया। इसके बाद पकंज त्रिपाठी कोर्ट पहुंचे। यहां अपना पक्ष साबित किया, जिसके बाद कोर्ट ने दूसरे पक्ष के लोगों पर केस दर्ज करने के आदेश दिए। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि उन्होंने पंकज त्रिपाठी से 60 लाख रुपये में फ्लैट की डील की थी। इसके 30 लाख रुपये उसे दे दिए। लेकिन बाद में उसने बेचने से मना कर दिया और पैसे वापस मांगने पर पंकज त्रिपाठी ने देने से मना कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच चल रही हैं।