Breaking News

मैं हो सकता था अरुण जेटली से बेहतर वित्त मंत्रीः सुब्रमण्यन स्वामी

swamyनई दिल्ली। बीजेपी सांसद सुब्रमण्यन स्वामी ने कहा है कि वह अरुण जेटली से भी अच्छे वित्त मंत्री हो सकते थे। स्वामी इंडिया टुडे माइंड रॉक्स समिट में बोल रहे थे। उन्होंने कहा, ‘जेटली केवल एक वकील हैं, जबकि मैं एक अर्थशास्त्री भी हूं। यही प्रमाण है कि बेहतर वित्त मंत्री कौन हो सकता है।’

मंच पर उनके साथ उपस्थित सांसद असदुद्दीन ओवैसी से बहस में उन्होंने ‘भारत माता की जय’ का विरोध करने पर ओवैसी को राष्ट्रद्रोही बताया। उन्होंने अयोध्या राम मंदिर विवाद पर भी ओवैसी पर निशाना साधा। स्वामी ने कहा कि वह जम्मू-कश्मीर के मामले में पार्टी से अलग राय रखते हैं। उनका मानना है कि जम्मू कश्मीर की सरकार को बर्खास्त कर देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान से निपटने के लिए बलूचिस्तान को अलग कर देना चाहिए।

स्वामी ने एक तरफ अरुण जेटली से ज्यादा खुद को योग्य बताया तो दूसरी तरफ राजनाथ सिंह की प्रशंसा भी की। उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह सरदार पटेल के बाद सबसे योग्य गृहमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि राजनाथ उनके अच्छे दोस्त हैं और यह बात भी मानी की जेटली से उनके रिश्ते अच्छे नहीं हैं।