इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ की तबियत गुरुवार को अचानक बिगड़ गई जिसके बाद उन्हें कराची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, पूर्व आर्मी चीफ की हालत नाजुक बनी हुई है।
सूत्रों ने बताया कि गुरुवार को मुशर्रफ बेहोश हो गए और उनकी हालत गंभीर हो गई। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। दुनिया न्यूज की रपट के मुताबिक, मुशर्रफ जब बेहोश हुए तब वह अपने घर पर परिवार के साथ थे। उन्हें तुरंत कराची के पीएनएस शिफा अस्पताल ले जाया गया।
मुशर्रफ को कड़ी सुरक्षा के बीच अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत की लगातार निगरानी की जा रही है। उनके निजी डॉक्टरों को भी अस्पताल में बुला लिया गया है।
रिपोर्ट में कहा गया कि 72 साल के मुशर्रफ को पहले भी स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत रही है। 2014 में उन्हें कोर्ट में एक मामले में होने वाली पेशी के दिन, दिल में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था।