Breaking News

मुलायम ने की अखिलेश व शिवपाल से एकजुटता पर बात

mulayamshivpalलखनऊ। समाजवादी परिवार में उठे तूफान को शांत करने के लिए सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने अपनी ओर से पहल शुरू कर दी है। मुलायम ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव को अपने आवास पर बुलाकर लंबी बैठक की। इसमें तय हुआ कि बड़े पैमाने पर रजत जयंती समारोह मनाया जाएगा।

इसमें पार्टी के सभी बड़े नेता एक मंच पर आकर पूरी तरह एकजुटता व विधानसभा चुनाव फतेह करने का संदेश दिया जाएगा। संदेश यह भी होगा कि अगले मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ही होंगे। सूत्रों के मुताबिक बैठक में कुछ समय से चल रहे विवादों पर खास तौर पर चर्चा हुई। खास तौर पर महासचिव रामगोपाल यादव के पत्र के मुद्दों पर भी बात हुई।

मुलायम ने अब सारे विवादों को खत्म करने व चुनावी तैयारियां तेज करने पर जोर दिया। बैठक में पार्टी के रजत जयंती समारोह मनाने पर भी चर्चा हुई। सपा अपनी स्थापना के 25 साल पूरे होने के मौके पर पांच नवंबर को लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में रजत जयंती समारोह आयोजित करेगी। इस मौके पर पार्टी देश भर के कार्यकर्ताओं व समर्थकों का भारी जमावड़ा होगा। इसे विशाल रैली मानकर बड़े पैमाने पर तैयारी की जा रही है।

इस आयोजन के संयोजक बनाए गए परिवहन मंत्री गायत्री प्रजापति को मुलायम सिंह यादव ने तैयारी के निर्देश दिए। इसमें सहयोग के लिए कैबिनेट मंत्री नारद राय को भी लगाया गया है। नारद राय कुछ समय पहले पार्टी के राष्ट्रीय अधिवेशन की कराने का जिम्मा बखूबी संभाला था। सूत्रों के मुताबिक मुलायम चाहते हैं कि अब सारे विवाद खत्म करके चुनाव में एकजुटता का संदेश दिया जाए ताकि विरोधी दलों पर बढ़त दिलाई जा सके।

रैली की तैयारियां जोरों पर सपा प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव ने बताया कि नेताजी के साथ सोमवार को रजत जयंती समारोह की तैयारियां पर खास तौर पर चर्चा हुई। इसमें पार्टी के सभी बड़े नेता आमंत्रित किए गए हैं। पुराने समाजवादी नेताओं को भी बुलाया गया है। उन्हें भी सम्मानित किया जाएगा। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा ने बताया कि जिन जिन राज्यों में सपा की यूनिट है, वहां के पदाधिकारियों को इसमें बुलाया गया है।