Breaking News

मुकेश अंबानी लगातार नौवें साल भारत के सबसे अमीर शख्‍स, पतंजलि के बालकृष्‍ण 48वें नंबर पर

mukesh-ambaniसिंगापुर। रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी को लगातार नौवें साल भारत की सबसे अमीर हस्ती आंका गया है और उनका नेटवर्थ बढ़कर 22.7 अरब डॉलर हो गया है। सनफार्मा के दिलीप सांघवी 16.9 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ भारत के दूसरे सबसे अमीर शख्‍स हैं। दुनिया के अमीर शख्सियतों की लिस्‍ट जारी करने वाली मैगजीन फोर्ब्‍स ने भारत के 100 सबसे अमीर लोगों की जो लिस्‍ट जारी की है योगगुरु रामदेव के सहयोगी और उनके आयुर्वेदिक और खाद्य उत्पादों का कारोबार देखने वाले आचार्य बालकृष्ण का नाम भी शामिल है।

अमीर शख्सियतों पर फोर्ब्स मैगजीन की नई सालाना लिस्‍ट में हिंदुजा परिवार 15.2 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ भारत के धनी लोगों में तीसरे स्थान पर आ गया है। इस लिस्‍ट में विप्रो के अजीम प्रेमजी एक पायदान खिसककर चौथे स्थान पर आ गए हैं। उनकी संपत्ति 15 अरब डॉलर आंकी गई है।

इस सूची में एक आश्चर्यजनक नाम पतंजलि आयुर्वेद के आचार्य बालकृष्ण का है। बाबा रामदेव के निकट सहयोगी बालकृष्ण को 2.5 अरब डॉलर की प्रॉपर्टी के साथ लिस्‍ट में 48वें स्थान पर रखा गया है। मुकेश अंबानी की संपत्ति बीते एक साल में 18.9 अरब डॉलर से बढ़कर 22.7 अरब डॉलर यानी 1.5 लाख करोड़ रुपये हो गई है।

बता दें कि दुनिया की तमाम अमीर शख्सियतों की वैश्विक सूची में मुकेश अंबानी 36वें नंबर पर हैं। फोर्ब्स के अनुसार, भारत के 100 सबसे अमीर लोगों का कुल नेटवर्थ 10 प्रतिशत बढ़कर 381 अरब डॉलर हो गया है जो कि 2015 में 345 अरब डॉलर था। मुकेश अंबानी के छोटे भाई अनिल को इस सूची में 32वें स्थान पर रखा गया है। उनकी संपत्ति 3.4 अरब डॉलर आंकी गई है।

फोर्ब्स के अनुसार सांघवी ने सूची में दूसरा स्थान बनाए रखा है। वहीं हिंदुजा समूह के हिंदुजा बंधुओं (श्रीचंद, गोपीचंद, प्रकाश व अशोक) की संपत्ति बढ़कर 15.2 अरब डॉलर हो गई है। उन्होंने प्रेमजी को पछाड़कर सूची में तीसरा स्थान हासिल किया है।