Breaking News

मुंबई में बड़े ट्रांसफर रैकिट का भंडाफोड़, कई पूर्व मंत्री-राजनेता जांच के घेरे में

मुंबई। क्राइम ब्रांच ने गुरुवार को एक ऐसे रैकिट का भंडाफोड़ किया है, जो मोटी रकम लेकर महाराष्ट्र में नौकरशाहों के ट्रांसफर करवाता था। इस संबंध में चार लोगों को मुंबई के एक पांच सितारा होटल से पकड़ा गया है। इनमें से दो आरोपियों की ऊंची राजनीतिक पहुंच बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में एक किशोर माली सोलापुर में एक राजनीतिक पार्टी का सदस्य भी है, जबकि हिरमोखे नामक एक दूसरा आरोपी महाराष्ट्र के एक पूर्व मंत्री का पीए बताया जा रहा है। शेष दो आरोपियों के नाम अभी पता नहीं चल सके हैं, लेकिन इनमें से एक दिल्ली का, जबकि दूसरा पुणे का रहनेवाला है।

सूत्रों का अनुसार, मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम इस रैकिट के पीछे तब पड़ी, जब गिरफ्तार आरोपियों में से एक ने कुछ दिनों पहले सोलापुर के डीसीपी नामदेव चव्हाण से मुंबई में उन्हें प्राइम पोस्टिंग दिलवाने के लिए संपर्क किया। नामदेव पहले मुंबई क्राइम ब्रांच के ऐंटि नार्कोटिक्स सेल के डीसीपी के रूप में कार्य कर चुके हैं। उन्होंने फौरन अपने वरिष्ठ अधिकारियों को मुंबई में इसकी जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद संभव है इस केस में कई पूर्व मंत्री व बड़े राजनेताओं के सामने आएं। वर्तमान सरकार से भी जुड़े कुछ राजनेता या नौकरशाह जांच के घेरे में आ सकते हैं। जांच अधिकारियों ने इस बात के संकेत दिए कि अतीत में जिन अधिकारियों ने इस रैकिट से जुड़े लोगों के सहारे अपने ट्रांसफर करवाए या रूकवाए, उन सबको पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।