Breaking News

बीहड़ के सारे डकैत शिवपाल के दोस्त, पुलिस नहीं करती गिरफ्तार

लखनऊ। समाजवादी पार्टी में मची कलह के बीच चंबल के डकैतों के गोल में लंबे समय तक शामिल रही दस्यु सुंदरी सीमा यादव ने चौंकाने वाला बयान दिया है। सीमा ने जहां अखिलेश का समर्थन किया है वहीं शिवपाल यादव को डकैतों का सबसे बड़ा संरक्षणदाता करार दिया है।  कई साल जेल में काटने के बाद बाहर आईं सीमा यादव ने शनिवार को कानपुर के डीएम-एसपी से मुलाकात की। इस दौरान सपा नेताओं की ओर से हत्या की साजिश रचे जाने की बात कहते हुए अपने सुरक्षा की मांग की। सीमा ने इस दौरान  कानपुर देहात की सिकंदरा सीट से निर्दल चुनाव लड़ने का एलान किया।

डकैत पालते हैं शिवपाल

सीमा यादव ने कहा है कि डकैत चंदन यादव ने उसका किशोरावस्था में अपहरण किया था। उस समय शिवपाल का चंदन यादव को संरक्षण मिला था। जिसकी वजह से पुलिस उस पर हाथ डालने से भी घबराती रही। सीमा  ने आरोप लगाया कि शिवपाल यादव हमेशा डकैतों व गुंडों को पालते हैं।  मैं अखिलेश यादव का पूरी तरह समर्थन करती हूं क्योंकि कई सारे डकैत शिवपाल यादव के बल पर ही खुलेआम बाजार में घूमते रहे हैं और पुलिस उन्हें गिरफ्तार तक नहीं करती थी। सीमा यादव ने कहा कि एसपी ने सुरक्षा मुहैया कराने का आश्वासन दिया है।