Breaking News

बिहार के कांग्रेसी मंत्री ने ट्विटर पर कहा ‘डियर’, भड़कीं HRD मिनिस्टर स्मृति इरानी

15smriti-irani-PTIwww.puriduniya.com नई दिल्ली। बिहार के शिक्षा मंत्री और केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री के बीच चले ‘ट्वीट वॉर’ की शुरुआत में कम ही लोगों को इसके दूर तलक जाने का अंदाजा रहा होगा। बिहार सरकार में कांग्रेस के मंत्री अशोक चौधरी ने स्मृति को ट्विटर पर ‘डियर’ कहकर संबोधित किया जो मानव संसाधन विकास मंत्री को पसंद नहीं आया। हालांकि बाद में अशोक चौधरी ने इसके लिए माफी मांग ली।

नीतीश कैबिनेट में शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी ने सुबह के 11:29 मिनट पर स्मृति ईरानी पर पहला ट्वीट दागा, ‘डियर स्मृति इरानी जी, कभी राजनीति और भाषण से वक़्त मिले तो शिक्षा नीति की तरफ भी ध्यान दें।’

स्मृति इरानी ट्विटर को हलके में नहीं लेती हैं। मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के अलावा वह ट्विटर पर भी बेहद सक्रिय मानी जाती हैं।

ट्विटर पर किसी तरह की आलोचना पर स्मृति इरानी जरा सी भी नरमी नहीं दिखाती हैं। मंगलवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ।

अशोक चौधरी की ट्वीट पर उनका जवाबी ट्वीट कुछ इस तरह से था, ‘महिलाओं को डियर कहकर कबसे से संबोधित करने लगे अशोक जी?’
हालांकि स्मृति की प्रतिक्रिया पर अशोक चौधरी ने सफाई देने की कोशिश की, ‘इरादा अनादर का नहीं था बल्कि शिक्षित करने का है… प्रफेशनल ईमेल डियर से शुरू होता है… स्मृति जी कभी मुद्दे पर जवाब दीजिए…।’ अब बारी स्मृति इरानी की थी। उन्होंने जवाबी ट्वीट किया, ‘अशोक चौधरी बिहार संभवतः एकमात्र ऐसा राज्य है जिसने शिक्षा नीति के लिए जमीनी स्तर पर कंसल्टेशन का काम नहीं किया है।’

बात यहीं नहीं रुकी। अशोक चौधरी ने कहा, ‘स्मृति जी ने मोदी से बहुत कुछ सीखा है… झूठे वादे और कुछ न कर पाने की जिम्मेदारी दूसरों पर डाल देना… यह संघ की किताब का सबक नंबर 1 है।’

इसके बाद ट्विटर पर हंगामे की सूरत बन गई। उन चिट्ठियों का हवाला दिया जाने लगा जिनमें मानव संसाधन विकास मंत्री को डियर कहकर संबोधित किया गया था।