Breaking News

पूर्व सैनिक मौत: राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल हिरासत में

rahul-detained-kejariwalनई दिल्ली। वन रैंक वन पेंशन (OROP) मुद्दे पर पूर्व सैनिक रामकिशन ग्रेवाल की खुदकुशी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस और AAP के नेता इस मौके को भुनाने में लग गए हैं। ग्रेवाल के परिजनों से मिलने के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को पुलिस ने तिलक मार्ग थाने में दोबारा हिरासत में ले लिया गया है। वहींं दूसरी तरफ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी लेडी हॉर्डिंग अस्पताल से बाहर निकलने के बाद हिरासत में ले लिया गया है।

केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा,’ पुलिस ने मुझे औपचारिक रूप से हिरासत में ले लिया है। फिलहाल मुझे कहां ले जाया जा रहा है यह मालूम नहीं है।’

राहुल गांधी को मृतक ग्रेवाल के परिजनों से मिलने के बाद कनॉट पुलिस स्टेशन में पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पिछले चार घंटे में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को दो बार हिरासत में लिया है। इससे पहले राहुल को मंदिर मार्ग थाने में हिरासत में लिया गया था। गौरतलब है कि सेना में सूबेदार पद से सेवानिवृत ग्रेवाल ने मंगलवार को जहर खाकर खुदकुशी कर ली थी। ग्रेवाल ने खुदकुशी से पहले कहा था कि वह सूइसाइड कर रहे हैं क्योंकि OROP पर सरकार उनकी मांगों को पूरा करने में नाकाम रही है। ग्रेवाल की मौत के बाद कांग्रेस, AAP समेत कई राजनीतिक दल केन्द्र पर OROP ठीक से लागू नहीं करने का आरोप लगा रहे हैं।

राहुल गांधी के साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को भी हिरासत में लिया गया है। हिरासत में लिए जाने से पहले सिंधिया ने कहा,’यही भारतीय लोकतंत्र है। जनता मोदी सरकार का चेहरा देख रही है। शहीद के परिवारों को पीटा जाता है।’ हिरासत में लिए जाने के दौरान कांग्रेस के नेताओं के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। उधर AAP के नेता संजय सिंह को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। संजय ने मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि केन्द्र सरकार AAP विधायकों को मार रही है।