Breaking News

जैन मुनि रेप के आरोप में गिरफ्तार, पीड़िता बोली- मां-पापा को अलग कमरे में भेजा था

नई दिल्ली। जैन मुनि शांति सागर महाराज को रेप के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। एमपी के ग्वालियर की रहने वाली 19 साल की एक लड़की ने उनपर रेप का आरोप लगाया है। पुलिस को मेडिकल जांच में रेप की पुष्टि होने के बाद जैन मुनि को गिरफ्तार कर लिया गया। जैन मुनि की गिरफ्तार पर जैन समुदाय के कुछ संगठनों ने विरोध जताया है।

वडोदरा कॉलेज में पढ़ती है पीड़िता

सूरत के पुलिस कमिश्नर सतीश शर्मा ने बताया लड़की ने शर्मा को लेटर लिखकर जैन मुनि पर रेप का आरोप लगाया था। लड़की वडोदरा में कॉलेज में पढ़ती है। लेटर में मुनि पर आरोप है कि एक अक्टूबर को शहर के नानपुरा टीमलियावाड जैन मंदिर में उससे रेप किया।

वह अपने परिवार संग वहां किसी धार्मिक कार्यक्रम को लेकर गई थी। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए लड़की का मेडिकल कराया जिसमें रेप की पुष्टि हुई है जिसके बाद जैन मुनि को गिरफ्तार कर लिया गया है।

माता-पिता को अलग कमरे में भेजा- पीड़िता

लड़की का कहना है कि वह अपने माता-पिता संग मंदिर गई थी। मुनि ने मंत्र जाप के नाम पर उन्हें मंदिर में ही रोक लिया और माता-पिता को एक कमरे में मंत्र जाप के लिए भेज दिया। दूसरे कमरे में ले जाकर जैन मुनि ने पीड़िता के साथ रेप किया। शोर मचाने पर मुनि ने मां-बाप को जान से मारने की धमकी भी दी।

रेप से  दो दिन पहले दिखाया था चमत्कार

शांतिसागर पर 1 अक्टूबर की रात रेप का आरोप लगा है। ठीक इससे दो दिन पहले मुनि पानी में पत्थर तैराने के चलते चर्चा में थे। उन्होंने 29 सितंबर को परवट पाटिया क्षेत्र स्थित मॉडल टाउनशिप के पास एक प्रोग्राम किया था। 7.77 करोड़ से ज्यादा मंत्रों का जाप करवाया था।   मुनि ने इसी मंच से भक्तों के सामने एक पत्थर पर कलावा बांधकर पानी में छोड़ा। ये पत्थर डूबने की बजाय तैरने लगा जिसे देख मौजूद लोग हैरान रह गए।

7 महीने पहले परिवार ने जैन मुनि को बनाया था गुरु

पीड़ित लड़की के माता-पिता करीब 7 महीने पहले ही शांतिसागर के संपर्क में आए थे। उन्होंने मार्च 2017 में उन्हें गुरु बनाया था। लेकिन, इस दौरान लड़की मुनि से नहीं मिली थी। घटना के दिन माता-पिता अपनी बेटी को मुनि से आशीर्वाद दिलाने के लिए गए थे, जहां वह पहली बार आचार्य से मिली थी।

लड़की कह रही झूठ- जैन समुदाय

जैन समुदाय का कहना है कि जैन मुनि पर लगाए गए आरोप निरादार है। लड़की झूठ बोल रही है। उनका कहना है कि कमरे में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच होनी चाहिए।