Breaking News

जूनियर वर्ल्ड कप हॉकी: इंग्लैंड को हरा भारत क्वार्टर फाइनल में पहुंचा

juniyer-hockeyलखनऊ। दर्शक दीर्घा में लहराते तिरंगे, भारत माता जय और जीतो इण्डिया जीतो के नारों के बीच भारत ने इंग्लैण्ड को 5-3 हरा कर शनिवार को जूनियर वर्ल्ड कप हॉकी के क्वार्टर फाइनल में शान से प्रवेश किया। दिन के मुकाबले में खाली पड़े स्टैण्ड भारत-इंग्लैण्ड की भिड़ंत के दौरान भर गए थे। स्थानीय समर्थकों के बीच भारतीय खिलाड़ियों ने पहले दसवें मिनट में ही गोल खाने के बाद जो जोश दिखाया तो अंग्रेज आखिर तक उबर नहीं पाए।

खेल शुरू होते ही इंग्लैण्ड ने अपनी तेज गति से भारत पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। दसवें मिनट में जैक क्ली ने दाएं छोर से शानदार गोल कर अपनी टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। इसके बाद इंग्लैण्ड के खिलाड़ियों ने भारतीय खिलाड़ियों को मध्य क्षेत्र से हमला नहीं करना दिया। खेल के 24वें मिनट में बाएं छोर से तैयार मूव पर परविंदर सिंह ने बेहतरीन गोल करके भारत को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया। पहले हाफ के आखिरी मिनट में कप्तान हरजीत सिंह मिडफील्ड से गेंद लेकर बाएं छोर से इंग्लैण्ड के पाले में घुसे। उन्होंने एक क्रास मारी। जिस पर मनदीप सिंह की स्टिक लड़ी और गेंद सीधे गोल के मुहाने खड़े अरमान कुरैशी के पास गई। उन्होंने बड़ी फुर्ती से गेंद को गोल के भीतर की दिशा दे दी। इस गोल से भारत ने 2-1 की बढ़त बना ली।

दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ी शुरुआत से ही भारी पड़े। खेल के 37वें मिनट में ही भारत ने पेनल्टी कार्नर हासिल किया। इस पर हरमनप्रीत ने गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया। खेल के 45वें मिनट वरुण कुमार, हरजीत सिंह और सिमरनजीत की तिकड़ी ने आपसी तालमेल गोल आफ द मैच कर दिया। इस तिकड़ी ने इंग्लैण्ड की रक्षापंक्ति को पूरी तरह छिन्न-भिन्न कर दिया। गोल के मुहाने पर हरजीत सिंह ने गेंद आगे बढ़ाई, इसे वरुण ने रिसीव कर पीछ फेंका। पीछे खड़े सिमरनजीत सिंह ने गेंद को गोल में पहुंचा दिया। इंग्लैण्ड के गोलची क्रिस वेवर पूरी तरह चकमा खा गए। इस गोल से भारत ने 4-1 बढ़त हासिल कर ली। खेल के 59वें मिनट में वरुण कुमार ने पेनल्टी कार्नर पर गोल कर भारत को 5-1 से आगे कर दिया। इसके बाद इंग्लैण्ड के खिलाड़ियों में खेल की वापसी की कोशिश की। आखिरी क्षणों में इंग्लैण्ड ने दो गोल और मार कर भारत की जीत का अंतर कम कर दिया। भारत का पूल में आखिरी मुकाबला 12 दिसम्बर को दक्षिण अफ्रीका से होगा।

आस्ट्रेलिया ने अर्जेंटीना की तैयारियों पर पानी फेरते हुए 2-1 से जीत दर्ज कर जूनियर वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत की। अर्जेंटीना ने कंगारुओं से जूझने के लिए खास तैयारी की थी, पर कंगारुओं ने दूसरे हाफ के आखिरी समय ऐसी तेजी पकड़ी की अर्जेंटीना उससे पार न पा सकी। लम्बे पासों और तेज हिटों के साथ खेल की शुरुआत हुई। दोनों टीमों के काउण्टर अटैक देखने वाले थे, पर गोल करने में पहले सफलता अस्ट्रेलिया को मिली। 31वें मिनट में बाएं छोर से तैयार हमले में मैक्स हेण्डी की क्लियर की हुई गेंद पर बर्ड मैथ्यू ने गोल कर अपने पाले में खुशियां बिखेर दीं।

दूसरे हाफ के 42वें मिनट में अर्जेंटीना ने स्टीफन गेल के पेनल्टी कार्नर पर किए गए गोल से 1-1 की बराबरी कर ली। ड्रा की तरफ बढ़ रहे इस मुकाबले के आखिरी मिनट में अर्जेंटीनियाई डिफेण्डरों की गलती से उसे पेनल्टी स्ट्रोक के रूप में खामियाजा उठाना पड़ा। इस पर ब्लैक गोवर्स ने गोल कर आस्ट्रेलिया के खाते में एक रोमांचकारी जीत लिख दी।