Breaking News

चन्नी बने पंजाब कांग्रेस सीएम पद के उम्मीदवार, बोले -आपके साथ बिना नहीं लड़ सकता

लुधियाना। पंजाब में विधानसभा चुनाव के ठीक पहले कांग्रेस ने मुख्यमंत्री उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को लुधियाना में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस से मुख्यमंत्री उम्मीदवार चरणजीत सिंह चन्नी जी होंगे। इसके बाद मंच पर मौजूद प्रदेशाध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुनील जाखड़ समेत तमाम नेताओं ने चरणजीत सिंह चन्नी को बधाई दी।
मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित होने के बाद चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि मैं अकेला नहीं लड़ सकता। पंजाब के लोग ही मुझे हिम्मत देंगे। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि मैं सभी को धन्यवाद देता हूं। ये बहुत बड़ी लड़ाई है जो मैं अकेला नहीं लड़ सकता। न मेरे पास पैसा है, न इतनी हिम्मत है। हिम्मत भी पंजाब के लोग देंगे, सब कुछ पंजाब के लोग करेंगे।
चन्नी ने देखी है गरीबी
राहुल गांधी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि चन्नी गरीब घर के बेटे हैं और गरीबी को गहराई से समझते हैं। उन्होंने कहा कि चन्नी के दिल में, खून में पंजाब है। आप काटकर देखियेगा खून निकलेगा और उसमें पंजाब दिखाई देगा। चन्नी मुख्यमंत्री बने लेकिन उनमें अहंकार नहीं दिखाई दिया, जबकि मुख्यमंत्री पद प्रदेश का सबसे बड़ा पद है। वो जनता के बीच में जाते हैं।
उन्होंने कहा कि चन्नी जी मुख्यमंत्री बने, अहंकार नहीं है, जनता के बीच जाते हैं।क्या आपने कभी नरेंद्र मोदी को जनता के बीच जाते हुए देखा, सड़क पर किसी की मदद करते हुए देखा है? नहीं करेंगे क्योंकि वे प्रधानमंत्री नहीं राजा हैं।