Breaking News

उ. कोरिया की मुश्किलें बढ़ीं? UN ने 4 जहाजों पर लगाया प्रतिबंध

संयुक्त राष्ट्र । संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने उत्तर कोरिया के 4 जहाजों को अंतरराष्ट्रीय बंदरगाह तक पहुंचने से रोक दिया है। ऐसा संदेह है कि इन जहाजों में ऐसा सामग्री थी जो प्योंगयांग के खिलाफ लगे अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों की सूची में शामिल हैं। राजनयिकों ने गोपनीयता की शर्त पर बताया कि यूआई जी बोंग 6, रंग रा 2, सैम जोंग 2 और रे सोंग गांग 1 जहाजों को अमेरिका के अनुरोध पर रोका गया।

उन्होंने बताया कि चीन कोरियाई देश के केवल 4 जहाजों पर प्रतिबंध लगाने पर सहमत हुआ। उत्तर कोरिया के मिसाइल और परमाणु कार्यक्रम पर लगाम लगाने के अंतरराष्ट्रीय प्रयासों के तहत ये प्रतिबंध लगाए गए हैं। एक राजनयिक ने बताया कि केवल 4 जहाजों पर प्रतिबंध लगाने को स्वीकार किया गया है लेकिन भविष्य में अन्य जहाजों पर प्रतिबंध लगाने की प्रक्रिया खुली हुई है।

सुरक्षा परिषद ने साल 2017 में उत्तर कोरिया पर 3 चरणों में प्रतिबंध लगाए। जिसमें लोहा, कोयला, मत्स्य उद्योग, कपड़ा, तेल आपूर्ति और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों पर प्रतिबंध शामिल हैं। संयुक्त राष्ट्र ने 5 अक्टूबर को भी प्रतिबंधित सामान लेकर जा रहे 4 जहाजों की पहचान की थी और उन पर बंदरगाह तक पहुंचने के लिए प्रतिबंध लगा दिया था जो संयुक्त राष्ट्र के इतिहास में पहला मामला था।