Breaking News

इस लिस्ट में टॉप 3 में मोदी सरकार, दुनिया के दिग्गज देशों को पीछे छोड़ा

नई दिल्ली। रैंकिंग पर हम कितना ध्यान रखते हैं, बचपन से हम हर बात में तुलना करते रहे हैं, हमसे आगे कौन है, हमसे पीछे कौन है, कहीं हमसे आगे हमारे पड़ोस वाला लड़का तो नहीं आ गया, और भी न जाने क्या क्या, अब बड़े होने पर पता चला है कि ये रैंकिंग का खेल इंटरनेशनल लेवल पर भी होता है, खेलों में रैंकिंग तो होती ही है, लेकिन सरकारों की भी रैंकिंग होती है, जिस में अलग अलग देशों की सरकारें ऊपर नीचे होती रहती हैं। इस लिहाज से मोदी सरकार के लिए ये खबर झटका है, क्योंकि पिछले साल जिस रैंकिंग में वो टॉप पर थी, उसी रैंकिंग में इस साल तीसरे नंबर पर है। दो नंबर का नुकसान उठाना पड़ा है। नुकसान भी जनता के भरोसे का।

मोदी सरकार दुनिया की उन तीन देशों की सरकारों में शामिल है जिस पर जनता सबसे ज्यादा भरोसा करती है। ये रैंकिंग दावोस में जारी की गई जहां पर विश्व आर्थिक मंच का कार्यक्रम हुआ था। सालाना ग्लोबल ट्रस्ट इंडेक्स की इस रैंकिंग में भारत तीसरे नंबर पर है। जबकि पिछले साल इसी लिस्ट में वो टॉप पर था। इस बार पड़ोस का लड़का हमसे आगे निकल गया, जी हां चीन ने इस लिस्ट में पहला स्थान हासिल किया है, चीन की जनता को अपनी सरकार पर सबसे ज्यादा भरोसा है। एक साल में ही जनता का भरोसा मोदी सरकार से कम हो रहा है, ये पीएम मोदी के लिए सोचने की बात है, वो सोचें कि आखिर क्यों हमारा पड़ोसी अपनी जनता का दमन करने के बाद भी हमसे आगे निकल गया।
ग्लोबल ट्रस्ट इंडेक्स की लिस्ट में पहले नंबर पर चीन, दूसरे पर इंडोनेशिया और तीसरे पर भारत है। चीन ने इस मामले में अच्छी बढ़त बनाई है, जानकारी दे देते हैं आपको कि ये लिस्ट कम्युनिकेशन मार्केटिेंग फर्म एडेलमैन जारी करती है। भले ही भारत इस में तीसरे नंबर पर है, लेकिन सबसे ज्यादा झटका तो अमेरिका को लगा है। अमेरिका की जनता को ट्रम्प सरकार पर बहुत कम भरोसा है जो कम होता ही जा रही है। ट्रम्प अपने रवैये से दुनिया में किरकिरी करवा रहे हैं, अमेरिकी जनता उतनी ही परेशान हो रही है। ट्रम्प के राज में ही चीन का चढ़ाव दिख रहा है, एशिया प्रशांत इलाके में बिजनेस और सुरक्षा के मामले में चीन ने अमेरिका को बेदखल कर दिया है, इसका असर दोनों देशों में दिखाई दे रहा है, चीन की जनता का भरोसा बढ़ा है तो अमेरिकी जनता का भरोसा सरकार से घटा है।

इस रैंकिंग में ये भी बताया गया है कि देश की कितनी प्रतिशत जनता सरकारों पर भरोसा करती है। चीन की 74 फीसदी जनता को अपनी सरकार पर भरोसा है, इंडोनेशिया की 71 फीसदी जनता अपनी सरकार पर भरोसा करती है, तो वहीं मोदी सरकार पर भारत की 68 फीसदी जनता को भरोसा है। इस लिस्ट के मुताबिक 28 में से 20 देशों में सरकार, मीडिया और एनजीओ पर से जनता का भरोसा कम हुआ है। खास बात ये है कि पिछले साल भारत नंबर एक पर था, लेकिन नोटबंदी और जीएसटी के जैसे बड़े फैसले लेने के बाद सरकार पर से जनता का भरोसा 13 फीसदी कम हो गया है। मोदी सरकार के लिए राहत की बात ये है कि वो अभी भी टॉप 3 में बनी हुई है। उसे फिर से जनता का भरोसा हासिल करना होगा, चुनावी साल में ये बहुत मुश्किल नहीं होगा, कारण आप भी जानते हैं।