Breaking News

अमित शाह ने बदल दिया अपना दांव…सपा को लगी मिर्ची…‘शहजादों’ पर जमकर बरसे

मेरठ/नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश चुनाव बीजेपी के लिए कितना महत्वपूर्ण हो गया है इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पार्टी अध्यक्ष अमित शाह खुद मैदान में उतर आए हैं। शाह ने यूपी में बीजेपी के लिए जो कारनामा 2014 लोकसभा चुनाव में किया था, उसी को दोहराने के लिए वो फिर से निकल पड़े हैं। अपने अभियान की शुरूआत शाह ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश से की। मेरठ में उन्होंने पदयात्रा की तैयारी की थी। हालांकि बाद में उन्होंने अपनी रणनीति बदलते हुए पद यात्रा को कैसिल कर दिया। बता दें कि मेरठ में बीती रात एक व्यापारी की हत्या कर दी गई थी। इसी को देखते हुए बीजेपी अध्यक्ष शाह ने अपनी पद यात्रा को रद्द कर दिया। उन्होंने कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था केवल कागजों पर है।

पदयात्रा को कैसिल करने के बाद अमित शाह ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा कि मेरठ में एक कारोबारी अभिषेक की हत्या हो जाती है। सरकार जनता को सुरक्षा देने में बुरी तरह से नाकाम है। इस हत्या के विरोध में वो अपनी पदयात्रा को रद्द कर रहे हैं। बीजेपी को रोकने के लिए सपा और कांग्रेस के बीच हुए गठबंधन को लेकर भी शाह ने तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि दो दलों के दो शहजादे प्रदेश को लूटने के लिए आए है। शाह ने कहा कि सपा-कांग्रेस का गठबंधन प्रदेश को लूटने के लिए बनाया गया है। एक ने अभी तक प्रदेश को लूटा है दूसरे ने देश को लूटा है। अब ये दोनों मिलकर प्रदेश को लूटेंगे। बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि इस बार यूपी में बीजेपी की सरकार बनेगी। बीजेपी सरकार में सभी लोगों को सुरक्षा मुहैया कराई जाएगी।

अमित शाह ने कहा कि प्रदेश में बदलाव की बयार दिखने लगी है। बीजेपी से भयभीत हो कर ही अखिलेश और राहुल गांधी ने हाथ मिलाया है। अपने संबोधन के दौरान शाह ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार बनी तो हर कॉलेज में एंटी रोमियो स्क्वॉड बनाया जाएगा जिस से हमारी बच्चियां सुरक्षा के माहौल में पढ़ाई कर सकें। खास तौर पर महिला सुरक्षा को लेकर शाह ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला किया। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि प्रदेश की महिलाओं को फौरन पर्याप्त सुरक्षा दी जाए। बता दें कि बीजेपी अध्यक्ष शाह मेरठ में पदयात्रा निकालने वाले थे । इसके जरिए वो लोगों से सीधा संपर्क करके वोट की अपील करने वाले थे। लेकिन उन्होंने अपनी पद यात्रा को कैसिल कर दिया।

पहले कहा गया था कि अमित शाह की पद यात्रा का रूट बदला गया है। मेरठ में बीती रात कारोबारी अभिषेक की हत्या के बाद से माहौल तनावपूर्ण था। इसी को लेकर शाह ने अपनी पद यात्रा को रद्द कर दिया। हालांकि उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश पर हमला करने का मौका नहीं खोया। वो लगातार कहते रहे कि यूपी को समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने मिलकर तबाह कर दिया है। इस बार ये दोनों दल एक साथ मिलकर यूपी को लूटनेे की तैयारी कर रहे हैं। फिलहाल शाह ने यूपी में बीजेपी की जीत के लिए पूरी ताकत लगा दी है। यूपी का चुनाव चाणक्य कहे जाने वाले शाह के लिए अब तक का सबसे कठिन चुनाव माना जा रहा है। कांग्रेस और सपा के गठबंधन के बाद बीजेपी के लिए चुनौती और कड़ी हो गई है।