Breaking News

……अखिलेश यादव नहीं लड़ेंगे विधानसभा चुनाव

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इस बार होने वाले विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। इस समय अखिलेश यादव एमएलसी हैं। सूत्रों के मुताबिक अखिलेश यादव आगे भी एमएलसी ही बने रहेंगे। खबर थी कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव राजधानी लखनऊ की सरोजनीनगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। सूत्रों की माने तो उन्होंने इस बात को खारिज करते हुए कहा कि वे चुनाव कहीं से भी लड़ सकते हैं, लेकिन वे लड़ेंगे नहीं।
सूत्रों के मुताबिक यह भी बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव इस चुनाव के मद्देनजर पूरे उत्‍तर प्रदेश में सघन चुनाव प्रचार करेंगे और उनका पूरा ध्‍यान चुनाव अभियान पर ही केंद्रित होगा।
बता दें कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव लखनऊ के सरोजनीनगर से चुनाव लड़ेने की खबर आई थी। अगर ऐसा होता है तो यह पहली बार होगा जब अखिलेश किसी सीट से विधानसभा चुनाव लड़ते। इस सीट से पहले धर्मेन्द्र यादव के भाई अनुराग यादव का नाम तय हुआ था।
बता दें कांग्रेस से गठबंधन के बाद भी समाजवादी पार्टी अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर रही है। गुरुवार को भी सपा ने 12 प्रत्याशियों की सूची जारी की थी। अब तक सपा ने 336 प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की है जबकि गठबंधन के बाद वह 298 सीटों पर ही चुनाव लड़ेगी। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस 105 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस ने अब तक 68 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। यही वजह है कि कई ऐसी विधानसभा सीटें हैं, जहां से सपा ने भी प्रत्याशी उतार रखे हैं और कांग्रेस ने भी। कुछ सीटों पर अभी तक प्रत्याशी तक का ऐलान नहीं हो सका है। ऐसी स्थिति में प्रत्याशी से लेकर कार्यकर्ताओं में असमंजस है कि किससे लड़ें और किसका समर्थन करें।