Breaking News

हरियाणा: जाट संघर्ष समिति ने कहा, मांगें पूरी हुईं, आंदोलन खत्म करो

Jat3नई दिल्ली। हरियाणा में चल रहे जाट आंदोलन को लेकर एक बड़ा डिवेलपमेंट सामने आया है। जाट संघर्ष समिति के नेता जयपाल सिंह ने आंदोलन समाप्त करने की अपील की है। जयपाल सिंह का कहना है कि जाटों की मांगें मान ली गई हैं।

जयपाल सिंह ने गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात के बाद आंदोलन खत्म करने की घोषणा की। इससे पहले राजनाथ सिंह से मुलाकात के बाद हरियाणा बीजेपी के इंचार्ज अनिल जैन ने अगले विधानसभा सत्र में जाटों को आरक्षण देने की घोषणा की।

इस घोषणा के तुरंत बाद जाट संघर्ष समिति के नेता जयपाल सिंह की अपील भी सामने आ गई। जयपाल सिंह ने कहा कि हमारी मांगें मान ली गई हैं। रविवार को यूपी और हरियाणा के बीजेपी जाट नेताओं और खाप नेताओं ने राजनाथ सिंह से मुलाकात की।

उधर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और आर्मी चीफ भी राजनाथ सिंह से मिले हैं। हरियाणा में सेना और सुरक्षाबलों के जवान हिंसा काबू करने में लगे हुए हैं। 9 शहरों में कर्फ्यू लगा दिया गया है। सेना लगातार फ्लैग मार्च कर रही है।

आंदोलन में अबतक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। 150 से अधिक लोग घायल भी हुए हैं। हरियाणा में चल रहे जाट आंदोलन का असर यूपी और दिल्ली पर भी पड़ा है। हरियाणा की मुनक नहर प्रदर्शनकारियों के कब्जे में है। इसकी वजह से दिल्ली में पानी की किल्लत हो गई है।